Wednesday, October 21st, 2026

क्वीन्स आॅन द ट्रेल: सतपुड़ा के जंगल में महिलाएं करेंगी ट्रेकिंग एवं कैम्पिंग

भोपाल
प्रदेश की महिलाएं अब सतपुड़ा के घने जंगलों में ट्रेकिंग और कैम्पिंक का आनंद ले सकेंगे। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड इसके लिए क्वीन्स आॅन द ट्रेल का आयोजन करने जा रहा है। तेरह से पंद्रह मार्च के बीच यह आयोजन होगा और इसमें प्रदेश की पंद्रह महिला पर्यटक भाग लेंगी।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में  पर्यटन बोर्ड द्वारा ट्रेकिंग रुट मस्टेच एस्केप  संस्था जयपुर के सहयोग से विश्व प्रसिद्ध ट्रेकिंग रूट 'फोरसिथ ट्रेल' में ट्रेकिंग एवं कैम्पिंग का आयोजन 13 से 15 मार्च के बीच किया जा रहा है। इस आयोजन में मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों की 15 महिला पर्यटक भाग लेंगी। एवं इस ट्रेकिंग का नेतृत्व म.प्र. पर्यटन बोर्ड की  अपर प्रबंध संचालक  सोनिया मीणा द्वारा किया जावेगा। आयोजन  के दौरान चार दिन और तीन रातों तक कुल 30 किमी की ट्रेकिंग की जायेगी।

फोरसिथ ट्रेल सतपुड़ा टाईगर रिजर्व के मध्य में स्थित ट्रेकिंग रूट है, जिसे 150 वर्ष पूर्व एक अंग्रेज यात्री केप्टन जेम्स फोरसिथ द्वारा खोजा गया था,  जिससे इस ट्रेक का नाम फोरसिथ ट्रेल है। इस ट्रेक में प्रदेश की भारिया जनजाति के रहन-सहन, संस्कृति, खान-पान का अवलोकन किया जा सकता है एवं इस ट्रेक के रूट में कई जंगली जीव जैसे-गौर, चीतल, नीलगाय, सांभर, जंगली उल्लू, जंगली बिल्ली, भालू इत्यादि पाये जाते हैं।

महिलाओं को ट्रेकिंग के दौरान यहॉ के वन्यजीव,  सतपुड़ा के जंगल,  लाल और बैंगनी रंग  के रंगीन पत्थर,  झरने,  पनार पानी पचमढ़ी स्थित कैंप साइट का अनुभव मिलेगा। यह ट्रेल जिप्सी कैंप पचमढ़ी से प्रारंभ होकर डेहलिया (17 किलोमीटर), पचमढ़ी नाका, कांजीघाट नदी किनारा,  देनवा नदी (15 पंद्रह किलोमीटर) होते हुए पनार पानी पचमढ़ी में समाप्त होगा।

 पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव और टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक,  शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि कि क्वीन्स आॅन द ट्रेल आयोजन के माध्यम से यह सभी 15 महिलाएं सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में ट्रैवल के अंतर्गत ट्रैकिंग और कैम्पिंग के माध्यम से  न केवल साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देंगी साथ ही अन्य महिलाओं व सोलो ट्रैवलर को भी ट्रेकिंग के लिए प्रेरित  करेंगी।  इस आयोजन के माध्यम से विश्व स्तर के साहसिक पर्यटन प्रेमी (एडवेंचर लवर्स) पर्यटकों को मध्य प्रदेश के जंगल में एडवेंचर एवं ट्रेकिंग का अनुभव लेने का अवसर प्राप्त होगा।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबन्ध संचालक  सोनिया मीणा ने बताया कि यह 15 महिला ट्रैकर्स सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में ट्रेकिंग और कैंपिंग करके इस ट्रेक के ज्ञात स्थानों  और अज्ञात ट्रेक भी खोजने के साथ ही प्रकृति की सुंदरता का भी अनुभव करेंगी उन्होंने कहा कि  महिलाओं और सोलो ट्रैवलर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है जिससे कि प्रत्येक ट्रैवलर अपनी इस साहसिक पर्यटन यात्रा को यादगार बना सके यहाँ दुबारा आने के लिए प्रेरित हो तथा अन्य ट्रेवलर्स को भी प्रोत्साहित कर सकें।

 

#क्वीन्स आॅन द ट्रेल

Source : Agency

पाठको की राय