वीडी शर्मा ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश, कहा परचम फहराने को हमारे कार्यकर्ता तैयार
ग्वालियर
नगरीय निकाय चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां निरंतर जारी हैं और हमारे कार्यकर्ता प्रदेश भर के निकायों में पार्टी का परचम फहराएंगे, इस बात का हमें पूरा भरोसा है। यह कहना है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा का। वह यहां होटल लैण्डमार्क एनएक्स में बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और विशिष्ट व्यक्तियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। आज शाम तक वह यहां विभिन्न श्रेणियों में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकों सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं।
चुनावी तैयारियों के मद्देनजर ग्वालियर-चंबल संभाग में दो दिवसीय दौरे पर आज सुबह यहां पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मिशन के लिए तत्पर रहने का आव्हान किया। संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने के लिए पार्टी के जमीनी कैडर में जोश भरने के लिहाज से उनके इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी योजना के तहत श्री शर्मा आज यहां बूथ लेबल पर जिम्मेदार कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ सीधी चर्चा कर रहे हैं। वहीं 14 मार्च को वह मुरैना जिले के प्रवास पर रहेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा आज सबसे पहले जयारोग्य अस्पताल में ‘आओ वैक्सीन लगवाएं, कोविड मुक्त मध्य प्रदेश बनाएं’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर संभाग आयुक्त आशीष सक्सैना, पुलिस महानिरीक्षक अविनाश शर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कोविड वेक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर कोरोना का दूसरा टीका लगवाया।

पाठको की राय