Vijay Hazare Trophyमें उत्तर प्रदेश ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
नई दिल्ली
विकेटकीपर उपेन्द्र यादव (112) की शतकीय पारी और कप्तान करण शर्मा (83) के साथ पांचवें विकेट के लिए 129 की साझेदारी के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश ने विजय हजारे ट्रोफी के क्वॉर्टर फाइनल में दिल्ली को 46 रन से हराया। उपेन्द्र ने 101 गेंद की पारी में 11 चौके और दो छक्के जबकि करण ने 100 गेंद की पारी में 11 चौके लगाए।
उत्तर प्रदेश की टीम सेमीफाइनल गुजरात से भिड़ेगी जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई का सामना कर्नाटक से होगा। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश ने सात विकेट पर 280 रन बनाने के बाद दिल्ली की पारी को 48.1 ओवर में 234 रन पर समेट दिया।
दिल्ली की आधी टीम 20 ओवर से पहले पविलियन लौट गई थी
प्रतिस्पर्धी लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की आधी टीम 20 ओवर से पहले पवेलियन लौट गई। युवा तेज गेंदबाज शिवम मावी (31 रन पर एक विकेट) शानदार गेंदबाजी कर रहे थे लेकिन दो बार बीमर डालने के बाद उन्हें आक्रमण से हटा दिया गया।
दिल्ली के लिए ललित यादव (61) और विकेटकीपर अनुज रावत (47) ने छठे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी कर टीम की उम्मीदे जगाई । मावी ने हालांकि ललित यादव को पवेलियन भेजकर इस साझेदारी को तोड़ा जिसके बाद दिल्ली की बल्लेबाजी बिखर गई।
उत्तरप्रदेश की शुरुआत खराब रही
इससे पहले उत्तर प्रदेश की शुरुआत भी बेहद खराब थी और टीम ने 25 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे। कप्तान करण और अक्षदीप नाथ (15) ने चौथे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर पारी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे थे कि सिमरनजीत (51 रन पर दो विकेट) ने 17वें ओवर में अक्षदीप का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा दिया।
इसके बाद करण और उपेन्द्र यादव ने पांचवें विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। दोनों ने शुरूआत में संभल कर खेलने के बाद कई आकर्षक शॉट लगाए।

पाठको की राय