ताई के छुए चरण, बड़े भैया से सीखा प्रण गुरू-कार्यकर्ता के घर पहुंच छू लिया मन...
भोपाल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा इन दिनों पूरे प्रदेश में दौरे कर रहे हैं। इस कड़ी में वे शनिवार को इंदौर पहुंचे और अपने व्यवहार और कार्यशैली से ऐसी छाप छोड़ गए जिससे संघ के सूत्र वाक्य ‘संगठन गढ़े चलो’ को उन्होंने चरितार्थ किया। वीडी शर्मा ने अपने इस पूरे प्रवास के दौरान जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को विशेष सम्मान दिया वहीं पार्टी की बॉटम लाइन की भी फिक्र की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जहां अपने प्रवास के दौरान बूथ अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के घर पर जाकर भोजन करने की शुरूआत की, वहीं वे पार्टी के वरिष्ठजनों को सम्मान देने और उनकी कुशलक्षेम पूछने में पीछे नहीं हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला उनके मालवा प्रवास के दौरान। पिछले तीन दिनों से वे रतलाम, इंदौर, देवास के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने को लेकर जहां बैठकों का दौर जारी रखा वहीं इंदौर में वे भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णुप्रसाद शुक्ला के हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे, वहीं सत्यनारायण सत्तन के घर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसी कड़ी में एक कार्यक्रम के दौरान जब लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को श्रोताओं के बीच बैठा पाया तो उनका सम्मान करने मंच से उतरकर उनके स्थान तक पहुंचे और उनके चरण छुए। ऐसा नहीं है कि उन्होंने सिर्फ वरिष्ठों का ही सम्मान किया, बल्कि पार्टी की सबसे मजबूत कड़ी बूथ अध्यक्ष के घर भी गए और परिजनों के साथ चाय पी।
इंदौर में प्रबुद्ध जन सम्मेलन के दौरान कल प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ताई को मंच पर आमंत्रित किया। ताई ने यह कहकर मंच पर जाने से इनकार कर दिया कि वे प्रबुद्ध जन सम्मेलन में वरिष्ठों की श्रेणी में हैं। इसलिए यहां से ही संवाद सुनेंगी। इस पर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने मंच से नीचे उतरकर ताई का सम्मान किया। यही स्थिति पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे के मामले में भी रही।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा का आज देवास जिले के भाजपा नेताओं से सीधा संवाद हो रहा है। वे यहां मंडल व बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में अलग-अलग शामिल होंगे। इसके बाद प्रबुद्धजन सम्मेलन और सायबर योद्धाओं के साथ भी संवाद करेंगे। देवास में वे नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर महापौर और नगरपालिकाओं के संभावित दावेदारों को लेकर भी चर्चा करेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने देवास जाने से पहले जनसंघ के समय से नेता रहे विष्णु प्रसाद शुक्ला ‘बड़े भैया’ के हालचाल जानने के लिए निजी अस्पताल पहुंचे। इस मौके पर प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, कृष्णमुरारी मोघे, भाजपा मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर और बड़े भैया के बेटे राजेंद्र शुक्ला मौजूद रहे।

पाठको की राय