देश का कौशल जुटाने हुनर का हाट
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बिना हुनरमंद के लोकल से वोकल नहीं हो सकता। हुनरमंद को बस अवसर की जरूरत है और हुनर हाट इसके लिए एक प्लेटफार्म है। कोरोना में हुनरमंद ही हमारे काम आए हैं।
हमने हुनरहाट में कई ऐसे उत्पादन देखे जो सुने नहीं थे। राजधानी के लाल परेड मैदान में लगाए गए हुनर हाट का शुभारंभ किए जाने के बाद सीएम चौहान ने कहा हम केंद्रीय मंत्री नकवी को बधाई देते हैं। एमपी को उन्होंने 398 करोड़ रुपए दिए हैं। वे हाट कलाकार की कला की कद्र करते हैं। ये हुनर हाट हर शहर में लगना चाहिए।
लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हाट आकर अपने काम की चीजें देखें और खरीदें। उन्होंने देश की कला की सराहना करते हुए कहा कि जब पश्चिम के लोग पत्ती से खुद को ढंका करते थे तो हमारे यहां मलमल वाला धागा था। इसके पहले दोनों ही नेताओं ने हाट का औपचारिक शुभांरभ फीता काटकर किया।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हुनर हाट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करता है। इसमें सभी मजहब के लोग हैं। हर क्षेत्र के शिल्पकार यहां अपने हुनर के साथ पहुंचे हैं। कोरोना टाइम में भी हमने दस्तकारों का काम बंद नहीं होने दिया है। भोपाल का हुनरहाट ऐतिहासिक होगा। यहां देश भर से आए शिल्पकारों और दस्तकारों को अच्छा परफार्म मिलेगा।

पाठको की राय