Friday, October 23rd, 2026

 अवैध बालू खनन के विवाद में तीन को मारी गोली 

आरा 
                                                                                                                                                                                           
बिहार के भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के सोन दियारे में सोमवार की रात तीन बाप-बेटों को गोली मार दी गयी। वारदात फूहां से सटे कमालुचक सोन दियारे में रात करीब साढ़े 11 बजे की बतायी जा रही है। घायलों में बड़हरा थाना क्षेत्र के फूहां गांव निवासी 60 वर्षीय दीनबंधु बिंद, उनका 35 वर्षीय पुत्र विष्णु बिंद और 28 वर्षीय भगवान बिंद हैं। आरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए तीनों को पटना रेफर कर दिया गया है। फायरिंग करने वालों की संख्या आठ से दस बतायी जा रही है। सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ पंकज कुमार रावत और बड़हरा थानाध्यक्ष अवधेश कुमार रात में ही अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ कर जानकारी ली। बाद में बड़हरा और कोईलवर थाना की पुलिस घटनास्थल पर भी गयी और मामले की तफ्तीश की। 

जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया है। घटना के संबंध में घायलों का कहना है कि उनलोगों का किसी से कोई विवाद नहीं है। रात में तेलहन काट घर लौटने के दौरान रास्ते में घेर कर तीनों को ताबड़तोड़ गोलियां मार दी गयी है। घायलों का कहना है कि बालू ले जाने के संदेह में गोली मारी गयी है। पुलिस बालू के अवैध खनन को ले दो गुटों के वर्चस्व में घटना को अंजाम दिये जाने की बात कह रही है। इसमें कोईलवर इलाके के दो गिरोह का नाम आ रहा है। 

दूसरी तरफ जख्मी दीनबंधु बिंद ने बताया कि सोमवार की रात सरसों (तेलहन) काटकर ट्रैक्टर पर लोड कर अपने दोनों बेटों सहित तीन अन्य लोगों के साथ वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच दियारा में आठ से दस की संख्या में रहे हथियार से लैस आठ-दस लोग आ धमके। इस दौरान बालू ले जाने का आरोप लगाकर ताबड़तोड़ फार्यंरग करने लगे। इसमें तीनों को गोली लग गयी। जबकि ट्रैक्टर पर  सवार अन्य तीन लोग भाग खड़े हुये। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है। 

 

# अवैध बालू खनन

Source : Agency

पाठको की राय