Wednesday, October 21st, 2026

कमरे से आई फायरिंग की आवाज, घर में मच गया हड़कंप 

 सीतापुर  
सीतापुर में युवक ने खुद को गोली मार ली, इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के कारणों को स्पष्ट करने के लिए पुलिस छानबीन में जुटी है। मामला इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के शहादतनगर का है। मृतक ब्लाक प्रमुख का नजदीकी रिश्तेदार बताया जा रहा है।

इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के शहादतनगर में 19 वर्षीय विशाल सिंह अपने घर पर था। अचानक फायर की आवाज के साथ हड़कंप मच गया। परिवार के लोग भागकर पहुंचे तो विशाल खून से लथपथ था। सिर पर गोली लगने के कारण हालात बिगड़ चुके थे। चीख पुकार के बीच पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। अफरातफरी के दौरान परिवार के लोग अपने वाहन से विशाल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने विशाल सिंह पुत्र पुखराज सिंह को मृत घोषित कर दिया। इसी के बाद अस्पताल में काफी संख्या में लोग जमा हो गए।

सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। सीओ सदर का कहना है कि युवक ने किस कारण खुद को गोली मारी, इसको लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल घटना की असली वजह पता नहीं चल सकी है। युवक ने सिर पर गोली मारकर आत्महत्या की है। मृतक ब्लाक प्रमुख का रिश्ते में भतीजा बताया जा रहा है। उधर देर शाम भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की।

 

Source : Agency

पाठको की राय