Tuesday, October 20th, 2026

397 अंक की गिरावट की साथ बंद हुआ बाजार

   मुंबई

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 397 अंक लुढ़क गया। औद्योगिक उत्पादन में जगिरावट और खुदरा मुद्रास्फीति का बदाव बढ़ने की ताजा रपटों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी लि. और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा तथा प्रमुख शेयर सूचकांक नीचे आ गए। बीएसई के तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स में कारोबार के दौरान 1,035.71 अंक का उतार-चढ़ाव आया। अंत में यह 397 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,395.08 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 101.45 अंक यानी 0.67 प्रतिशत टूटकर 14,929.50 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान बजाज फिनसर्व में हुआ। यह शेयर करीब 3 प्रतिशत गिरावट में रहा। बजाज ऑटो, बजाज फाइनेंस, एल एंड टी, एशियन पेंट्स, डा. रेड्डीज, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी हानि में रहे।

लाभ में रहे प्रमुख शेयरों में टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, एचसीएल टेक और एनटीपीसी शामिल हैं। रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति मामलों के प्रमुख विनोद मोदी ने कहा कि देश भर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता के बीच घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गयी। इसके अलावा बांड पर प्रतिफल बढ़ने से भी निवेशक थोड़े सतर्क हैं।

 

#397 अंक लुढ़क

Source : Agency

पाठको की राय