Wednesday, October 21st, 2026

गेंद जा रही थी बाउंड्री लाइन से बाहर 6 रन के लिए, तभी 'सुपरमैन' केएल राहुल ने रोका छक्का 

अहमदाबाद
भारतीय क्रिकेट टीम को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मैच में इंग्लैंड ने 8 विकेट से पराजित कर दिया। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज फ्लॉप रहे। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटक भारत को 7 विकेट पर 124 रन पर रोक दिया। इसके बाद इंग्लैंड ने 16वें ओवर में ही 2 विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाकर मैच जीत लिया। ओपनिंग में उतरे केएल राहुल बैटिंग में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। हालांकि फील्डिंग में राहुल ने अपनी टीम के लिए 4 रन जरूर बचाए। राहुल का यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पांचवें ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर जोस बटलर ने छक्‍के के लिए हवाई शॉट लगाया। लेकिन बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे केएल राहुल बॉल की उंचाई को भांप गए और छलांग लगाकर पहले कैच लपका। इसके बाद राहुल ने देखा कि उनका संतुलन बिगड़ रहा है तो उन्होंने गिरने से पहले बॉल को अंदर फेंक दिया। इस तरह राहुल ने छक्के के लिए बाउंड्री के बाहर जा रही गेंद को रोक 4 रन बचा लिए।

भारत की ओर से श्रेयस ने सबसे अधिक 67 रन बनाए जबकि पंत ने 21 रन की पारी खेली। हार्दिक पंड्या 19 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से जेसन रॉय ने 32 गेंदों पर 49 रन बनाए वहीं जोस बटलर 28 रन बनाकर आउट हुए। जॉनी बेयरस्टो ने 17 गेंदों पर नाबाद 26 रन की पारी खेली जबकि डेविड मलान 20 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद लौटे। टीम इंडिया की ओर से युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिया। 5 मैचों की सीरीज का दूसरा टी20 चौदह मार्च को इसी मैदान पर खेला जाएगा। इससे पहले टेस्ट सीरीज में भी इंग्लैंड ने जीत से शुरुआत की थी। हालांकि इसके बाद उसे लगातार तीन टेस्ट मैचों में उसे हार मिली।
 

 

#केएल राहुल

Source : Agency

पाठको की राय