Saturday, October 24th, 2026

तेजस्वी बोले- माफी मांगे नीतीश कुमार, वरना पांच साल के लिए सदन का करेंगे बहिष्कार

पटना
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 'भीष्म प्रतिज्ञा' ली है। तेजस्वी यादव के मुताबिक उन्होंने (तेजस्वी) और विपक्ष के तमाम विधायकों ने तय किया है कि जब तक पिटाई करने वाले पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, नीतीश कुमार सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगेंगे, तब तक वे सदन में नहीं जाएंगे। पूरा विपक्ष पूरे 5 साल तक सदन का बहिष्कार करेगा।

'चचा' और 'कुर्सी कुमार' के बाद नया नाम 'निर्लज्ज कुमार जी'
अब तक 'चचा' और 'कुर्सी कुमार' कहनेवाले तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को नया नाम दिया। तेजस्वी ने नीतीश कमार को 'निर्लज्ज कुमार जी' कहा। उन्होंने कहा कि वे (नीतीश कुमार) जान लें कि मेरा नाम तेजस्वी यादव है। मैं विधानसभा में महिला विधायकों की बर्बर पिटाई, गालियां और उनके साथ दुर्व्यवहार को भूलूंगा नहीं। सब 'निर्लज्ज कुमार जी' ने करवाया है।

'शर्मनाक घटना के बाद नृत्य-संगीत का आनंद उठा रहे थे'
बिहार विधानसभा में मंगलवार को विपक्षी विधायकों से बदसलूकी के मामले पर तेजस्वी मीडिया में अपनी बात रख रहे थे। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि 'निर्लज्ज कुमार' को कल बड़ा मजा आ रहा होगा, जब सदन में महिला विधायकों की साड़ी उतारी जा रही थी। उनके ब्लाउज में हाथ डाला जा रहा था। उन्हें मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां दी जा रही थी और उन्हें बाल पकड़ कर घसीटा जा रहा था। इस शर्मनाक घटना के बाद नीतीश कुमार नृत्य-संगीत का आनंद उठा रहे थे। लेकिन तेजस्वी यादव और बिहार की जनता इस वाकये को भूलने वाली नहीं है।

'यही पुलिस नीतीश कुमार को घर में घुस कर पीटेगी'
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि विधायकों को बर्बर तरीके से पीट कर पुलिस के सहारे पुलिस बिल पास कराया गया। नीतीश कुमार की सरकार ने जो कलंक की परंपरा शुरू कराई है, उसका खमियाजा उन्हें भी भुगतना पड़ेगा। वो भी दिन आएगा कि यही पुलिस नीतीश कुमार को घर में घुस कर पीटेगी। नीतीश को तब याद आएगा कि उन्होंने किस 'निर्लज्ज' परंपरा की शुरूआत की थी।

तेजस्वी ने नीतीश कुमार को 'सी-ग्रेड' नेता बताया
मंगलवार की घटना को लेकर तेजस्वी का तेवर काफी गर्म था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 'सी-ग्रेड' के नेता हैं। विधानसभा में जो कुछ हुआ, वो सिर्फ और सिर्फ नीतीश कुमार के निर्देश पर हुआ। पूरा देश नीतीश कुमार को कोस रहा है लेकिन नीतीश कुमार को शर्म नहीं आ रही है।

 

#Tejashwi

Source : Agency

पाठको की राय