रोको-टोको अभियान: लोगों को जागरुक करने मंत्रियों अफसरों समेत शिवराज खुद उतरे सड़कों पर
भोपाल
चौथी पारी के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज सड़क पर उतरे और लोगों से मास्क लगाने की अपील करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री मास्क लगाने के लिए सड़क पर उतरा है तो लोगों को इसकी गंभीरता समझना चाहिए। मैं तो मास्क लगाऊंगा ही, आप सब लोगों को भी मास्क लगवाऊंगा क्योंकि मास्क ही लोगों को कोरोना से 90 प्रतिशत सुरक्षित करने का काम करता है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी यह सक्रियता और जागरुकता साबित करेगी कि कोरोना हारेगा, मानवता जीतेगी। राजधानी के भवानी चौक में सुबह 11 बजे मास्क जागरुकता के लिए पहुंचे सीएम चौहान ने वहां सायरन बजने के दौरान बगैर मास्क पहने लोगों को रोककर टोका और मास्क लगाने का संकल्प दिलाकर मास्क वितरित किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस, गोंडवाना, बसपा, सपा समेत सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि जब चुनाव आएगा तो आपस में लड़ लेंगे। अभी सभी से अनुरोध है कि एक होकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में साथ दें।
सीएम चौहान ने कहा कि आज शाम को भी सायरन बजेगा और लोगों को याद दिलाएगा कि कोरोना वायरस जिन्दा है। सायरन बजाने का यह काम पूरे प्रदेश में एक हफ्ते तक चलेगा जो यह याद दिलाएगा कि मास्क लगाना है और कोरोना से बचना है। चार हजार लोगों की जान प्रदेश में कोरोना से जा चुकी है। इससे जिनके परिवार के लोग गए हैं, उन्हें रोजी रोटी का संकट झेलना पड़ रहा है।
लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, इसके लिए दुकानों के सामने गोले बनाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज दुकानों के सामने पहुंचकर गोले बनाए ताकि लोग प्रेरित हों। सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर दुकान का कारोबार चालू रखा जा सकता है। इसका पालन प्रदेश के सभी व्यापारी और अन्य संस्थानों में कराया जाए ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर लोग संक्रमित होने से बच सकें।

पाठको की राय