राज्य कर्मचारियों को बड़ी सौगात-सातवें वेतन आयोग के बकाये की तीसरी किश्त होली से पहले मिलेगी
रायपुर
राज्य के कर्मचारियों को बड़ी सौगात की घोषणा छत्तीसगढ़ सरकार ने की है। सातवें वेतन आयोग के बकाये की तीसरी किश्त होली से पहले मिलेगी। छत्तीसगढ़ के राज्य कर्मचारियों को मिलेंगे 360 करोड़ रुपए, प्रत्येक कर्मचारी को 5 से 40 हजार तक मिलेगा। 1.81 लाख कर्मचारियों-अधिकारियों को इसका फायदा मिलेगा।
छत्तीसगढ़ के राज्य कर्मचारियों की होली से पहले दिवाली होने वाली है। राज्य सरकार ने सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर तय वेतन के बकाए की तीसरी किश्त देने का फैसला किया है। इस किश्त में 1 लाख 81 हजार कर्मचारियों-अधिकारियों को 360 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी।अधिकारियों ने बताया, कोरोना संकट की वजह से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुई थीं। इसकी वजह से सरकार ने कई खर्चों में कटौती के तहत पिछले साल मिलने वाली तीसरी किश्त का भुगतान भी टाल दिया था। अब जब अर्थव्यवस्था पटरी पर आ रही है तो यह किश्त जारी की जा रही है। बताया गया, एक जुलाई 2016 से 30 सितम्बर 2016 तक लिए बकाए की तीसरी किश्त 360 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि बकाए की इस किश्त से कर्मचारियों अधिकारियों को न्यूनतम 5 हजार रुपए से लेकर 40 हजार रुपयों तक का फायदा होगा। अधिकारियों ने बताया, बकाए की इस किश्त में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को 5 हजार से 10 हजार रुपए मिलेंगे। तृतीय श्रेणी कर्मचारी को 10 से 20 हजार और द्वितीय श्रेणी अधिकारी को 20 से 30 हजार का फायदा होगा। प्रथम श्रेणी के अधिकारी 35 से 40 हजार रुपए पाएंगे।
सरकार ने कर्मचारियों के वेतन बकाए का भुगतान 6 किश्तों में देने की योजना बनाई थी। अगस्त 2018 में सरकार ने पहली किश्त के तौर पर 344 करोड़ रुपए दिए। अगले वर्ष अक्टूबर में सरकार ने दूसरी किश्त के 356 करोड़ रुपयों का भुगतान कर दिया। मतलब यह हुआ कि सरकार अभी तक करीब 700 करोड़ रुपए का भुगतान कर चुकी है। 2020 में कोरोना की वजह से इसकी निरंतरता टूटी थी। अब इसकी तीसरी किश्त जारी होगी।
छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ देने के लिए 2017 में छत्तीसगढ़ पुनरीक्षण नियम बना था। सरकार ने जनवरी 2016 से बढ़ा हुआ वेतन देने की बात कही थी। लेकिन वेतन में इसका फायदा जुलाई 2017 से बढ़े हुए वेतन के रूप में सामने आया था। सरकार ने जनवरी 2016 से जून 2017 तक 18 महीने का बकाया 6 किश्तों में देने का वादा किया था। 2018 से यह हर साल मिलता रहा है।

पाठको की राय