नींद में 'अजान' से पड़ी खलल, DM को लिखा पत्र
प्रयागराज
इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव द्वारा लिखा एक पत्र चर्चा में है। दरअसल, प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव ने प्रयागराज के डीएम को पत्र लिखकर शिकायत की है कि सुबह की अजान से उनकी नींद में खलल पड़ रही है। तो वहीं, अब इस पत्र से बवाल मचने की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने अपने पत्र में इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए जिलाधिकारी से अपेक्षा की है कि वह क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करे।
प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव ने प्रयागराज डीएम को लिखे पत्र में कहा है कि रोज सुबह लगभग साढ़े पांच बजे मस्जिद में अजान होती है। अलसुबह मस्जिद के लाउडस्पीकर से गूंजने वाली अजान की आवाज से नींद में खलल पड़ रही है। अजान से उनकी नींद इस तरह बाधित हो जाती है कि उसके बाद तमाम कोशिश के बाद भी वह सो नहीं पातीं। इस वजह से उन्हें दिनभर सिरदर्द बना रहता है और कामकाज भी प्रभावित होता है। बता दें कि ये पत्र इसी महीने तीन मार्च को लिखी गई है।
हालांकि, कुपपति ने अपनी पत्र में कहा है कि वो किसी भी संप्रदाय, जाति या वर्ग के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन एक कहावत का उल्लेख करते हुए कहा, 'आपकी स्वतंत्रता वहीं खत्म हो जाती है, जहां से मेरी नाक शुरू होती है।' वह अपनी अजान लाउडस्पीकर के बगैर भी कर सकते हैं, ताकि दूसरों की दिनचर्या प्रभावित न हो। कहा कि अभी ईद से पहले सहरी का ऐलान भी सुबह चार बजे ही होगा, ऐसे में इससे भी परेशानी बढ़ सकती है।
पत्र में कहा गया है कि भारत के संविधान में सभी वर्ग के लिए पंथनिरपेक्षता और शांतिपूर्ण सौहार्द की परिकल्पना की गई है। पत्र में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश (पीआईएल नंबर- 570 ऑफिस 2020) का हवाला भी दिया गया है। कुलपति ने अपने इस पत्र की कॉपी कमिश्नर, आईजी और डीआईजी को भी भेजी है। वहीं, डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने भी नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।

पाठको की राय