Thursday, October 22nd, 2026

होली के पहले सड़कों पर सन्नाटा, पिछले रविवार की तुलना में इस बार पुलिस ने दिखाई ज्यादा सख्ती

भोपाल
होलिका दहन के पहले लॉकडाउन के चलते आज रविवार को शहर की सड़कें सूनी रहीं और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। खास बात यह है कि पिछले रविवार की तुलना मे इस बार पुलिस ने कुछ ज्यादा ही सख्ती दिखाई। कई इलाकों में पेट्रोल पंप खुले नजर आए तो कहीं पर बंद रहे। यही स्थिति सांची पार्लर की थी। गौरतलब है कि आज शाम को नए दिशा-निर्देशों के अनुसार होलिका दहन होना है, जिसमे ंसोशल डिस्टेंसिंग के साथ 20 लोग ही शामिल हो सकेंगे। लेकिन समस्या यह है कि आज लॉकडाउन है और शाम को ही होली जलना है ऐसे में लकड़ी और कंडों का इंतजाम हो पाना मुश्किल है। क्योंकि कलेक्टर ने देर रात नए आदेश जारी किए थे।

राजधानी में कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से फैलने के कारण शनिवार रात 9 बजे से लेकर सोमवार सुबह छह बजे तक सख्त लॉकडाउन लागू किया गया है। पिछले रविवार की अपेक्षा आज रविवार को लॉकडाउन में पुलिस की सख्ती ज्यादा तेज रही। आवागमन करने वाले लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। इस कारण आज बिना काम के सड़कों पर निकलने वालों की संख्या कम रही। पूरे शहर में सन्नाटा छाया रहा। पुलिस के अनुसार शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों सहित 130 से अधिक स्थानों पर पुलिस ने बेरीकेट्स लगाकर सख्ती से आवागमन करने वालों से पूछताछ की जा रही है। भोपाल में नए और पुराने शहर सहित शहर में प्रवेश के सभी मुख्य रास्तों में 2500 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि शहर में लॉकडाउन का पालन कराया जा सके।

टोटल लॉकडाउन के कारण पूरा एमपी नगर शनिवार देर रात बंद हो गया था। यहां पर हॉस्टल अधिक होने के कारण स्टूडेंटों ने रात में ही खाने-पीने का सामान स्टोर करके रख लिया। वहीं, चाय-नाश्ते की दुकानें सुबह से बंद होने के कारण स्टूडेंटों और लोगों को परेशान होना पड़ा। आज दिन भर भी दुकानें बंद होने के कारण हजारों स्टूडेटों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

लॉकडाउन के चलते भोपाल शहर में शनिवार रात साढ़े आठ बजे के बाद से ही सन्नाटा पसर गया था। रविवार सुबह भी सड़कें सूनी नजर आईं। वहीं, हर रविवार को सुबह से ही पिकनिक स्पॉटों पर लोग जमा होने लगते थे। आज लॉकडाउन के कारण ऐसे स्थानों पर सन्नाटा देखा गया। होली के कारण सोमवार को भी ऐसा ही माहौल बने रहने की संभावना है।

शहर के प्रमुख बाजारों में शुमार न्यू मार्केट में रविवार को भारी भीड़ रहती है। लेकिन आज टोटल लॉकडाउन के कारण पूरे न्यू मार्केट में सन्नाटा छाया रहा। शनिवार रात को त्योहार की खरीदारी के कारण यहां पर रात में चहल-पहल थी। पुलिस को टाइम से दुकानें बंद कराने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार को होली होने के कारण मार्केट लगातार दो दिन बंद रहेगा।

शहर के उपनगर कोलार में सुबह 10 बजे तक कुछ इलाकों में हलचल देखी गई। इसके बाद पूरे कोलार में सन्नाटा छा गया। यहां पर मजदूर वर्ग और निचले तबके के हजारों लोग निवास करते हैं। ऐसे में लॉकडाउन होने के कारण लोग घरों से नहीं निकले, लेकिन अपनी-अपनी बस्तियों में आवागमन करते देखे गए। लोगों को खाने-पीने के लिए परेशान होना पड़ा।

 

 

#होली

Source : Agency

पाठको की राय