Wednesday, October 21st, 2026

महाशिवरात्रि पर आगरा के ताजमहल में शिव पूजा, हिंदू महासभा की पदाधिकारी सहित तीन हिरासत में

आगरा
देशभर में आज महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी बीच आगरा में महाशिवरात्रि के अवसर पर ताजमहल में शिव पूजा करने पहुंचीं हिंदूवादी संगठन की महिला पदाधिकारी और दो कार्यकर्ताओं को सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) ने पकड़ लिया। इसके बाद तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हिंदूवादी संगठन ने महाशिवरात्रि पर गुरुवार की सुबह ताजमहल को तेजो महालय मानते हुए आराधना की। सेंट्रल टैंक के पास डायना बेंच पर हिंदू महासभा की प्रांतीय अध्यक्ष मीना दिवाकर विधि-विधान से आरती करने लगीं। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।  मीना दिवाकर के साथ दो और कार्यकर्ता पकड़े गए हैं। सीआईएसएफ ने तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उनको हिरासत में लेकर ताजगंज थाने आई। इस सूचना पर हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट और जिला अध्यक्ष रौनक ठाकुर समेत कार्यकर्ता ताजगंज थाने पहुंच गए।  बता दें कि ताजमहल में तीन दिवसीय शाहजहां का उर्स चल रहा है। नियमानुसार ताजमहल में परंपरागत जुमा की नमाज और शाहजहां के उर्स के सिवाय किसी अन्य धार्मिक गतिविधि पर प्रतिबंध है। बता दें कि बीते दिनों ताजमहल परिसर में एक संगठन ने हनुमान चालीसा का पाठ किया था।

 

 

#महाशिवरात्रि

Source : Agency

पाठको की राय