Tuesday, October 20th, 2026

कटनी में कोरोना संक्रमण की गति को देख कलेक्टर ने लागू की धारा 144

कटनी
कोरोना वायरस ने एक बार फिर से पांव पसारना शुरू कर दिया है। संक्रमण की गति को देखते हुए ही मध्य प्रदेश के तीन जिलों में शनिवार की रात से 32 घंटे का लॉकडाउन लगा दिया गया है। ऐसे में कटनी जिला प्रशासन ने भी एहतियातन सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिले में धारा 144 लागू कर दिया है। उन्होंने मातहतों को निषेधाज्ञा के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।

हालांकि अभी प्रशासन पूरी तरह से अधिक से अधिक टीकाकरण पर जोर दे रहा है। कलेक्टर ने वैक्सीनेशन को लेकर भी एक्शन मोड पर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि 60 वर्ष से आधिक आयुवर्ग के लोग महज आधार कार्ड ले जाकर अपने नजीदीकी निर्धारित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर कोरोना का टीका लगवा सकते हैं। उन्होंने टीकाकरण में सामाजिक संगठनों, नेहरु युवा केंद्र और जन अभियान परिषद के लोगों को भी जोड़ने को कहा है। कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को वैक्सीनेशन का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

उन्होंने कहा है कि वैक्सीनेशन में किसी तरह की कोताही ना बरती जाए। साथ ही सभी एसडीएम को निर्देशित किया है कि अपने अनुविभाग के अधिकारियों की बैठक करें। उधर सीईओ जनपद भी अपने सचिवों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित करेंगे कि 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सभी जरुरतमंद लोगों का टीकाकरण प्राथमिकता पर हो। कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया है कि विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के ड्यूटी ऑर्डर जारी कर दिए जाएं।

 

#कोरोना संक्रमण

Source : Agency

पाठको की राय