Saturday, October 24th, 2026

एटीएम में कैश भरने जा रहे सिक्‍योरिटी गार्ड को गोली मारी, 9 लाख रुपए लूटकर भागे बदमाश

 पटना  
बिहार की राजधानी पटना में दिनदहाड़े एक एटीएम बूथ पर बदमाशों ने फिल्‍मी स्‍टाइल में धावा बोला और नौ लाख रुपए लूट लिए। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गोली से घायल सिक्‍योरिटी गार्ड को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आये थे। बाइक सड़क से कुछ दूर पर खड़ी थी। उस पर दो युवक बैठे थे। जब गार्ड कैश से भरा बैग लेकर एटीएम की ओर जा रहा था, तभी एक युवक पास आया और पिस्टल तान दिया। कहा कि बैग दो, नहीं तो गोली मार देंगे। डरकर गार्ड ने बैग दे दिया। फिर भी उसने गोली चलाई जो गार्ड के पेट में बाईं ओर लगी। उसने गार्ड से राइफल भी छीन ली थी।

गार्ड के गिरते ही बैग लेकर युवक बाकी साथियों के साथ भाग निकला। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि कोई कुछ समझ नहीं सका। गोली चलने की आवाज आते ही एक दो लोग एटीएम की तरफ दौड़े, लेकिन असलहाधारी युवक को देख डरकर रुक गए। एसपी सिटी सेंट्रल विनय तिवारी ने बताया कि अपराधी नौ लाख रुपये लूटकर भागे हैं। वारदात में तीन लुटेरों के शामिल होने की बात सामने आयी है। उन्होंने गार्ड से छीनी गई राइफल बरामद होने का दावा किया है।

बैंक कर्मी से दिनदहाड़े हुई लूट को लेकर पुलिस हलकान है।लुटेरों को चिन्हित करने के लिए पुलिस बैंक सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। एसएसपी उपेंद्र शर्मा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। एसएसपी का कहना है कि जल्द ही लुटेरे पकड़े जाएंगे। पूर्व में बैंक और कैशवैन से हुई लूट के मामले में पकड़े गये लुटेरों का इस वारदात में कहीं हाथ तो नहीं है, इस बिन्दु पर भी जांच की जाएगी।

 

#एटीएम में कैश

Source : Agency

पाठको की राय