साई ने 6 नए कोच नियुक्त किए
नई दिल्ली
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने देश में खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार करने के उद्देश्य से छह सक्रिय खिलाड़ियों को नियुक्त किया है। साई ने 2016 रियो पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता वरुण सिंह भाटी को भी कोच नियुक्त किया। साई के सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है। सूत्रों के अनुसार, एक समिति ने इन एथलीटों को नियुक्त किया है।
इस साल जनवरी में साई में कोच के रूप में काम करने के लिए ओलंपिक और पैरालंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों के लिए एक विज्ञापन निकाला गया था। विज्ञापन के बाद साई के सचिव की अध्यक्षता में एक समिति द्वारा 26 जनवरी को एक साक्षात्कार लिया गया और समिति ने एक एथलीट को कोच और पांच को सहायक कोच के रूप में नियुक्त कर दिया। वरुण सिंह भाटी को कोच बनाया गया। 2012 ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले तैराक एपी गगन उल्लमठ और नौका चालक स्वर्ण सिंह, 2016 ओलंपिक में शिरकत करने वाले धावक नितेंद्र सिंह रावत और पैदल चाल के एथलीट संदीप कुमार, धावक खेता राम को सहायक कोच की जिम्मेदारी दी गई। संदीप इस साल टोक्यो में होने वाले ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं।
वरुण ने कहा कि यह बहुत ही अच्छा फैसला है कि ओलंपिक और पैरालंपिक पदक विजेताओं को सीधा कोच नियुक्त किया जा रहा है, जबकि मैं मौजूदा समय में एक सक्रिय खिलाड़ी हूं। मैं संन्यास लेने के बाद साई में कोच की भूमिका निभाऊंगा और जब तक मैं खेलता रहूंगा। मैं जानकारी एकत्रित करूंगा जो मेरे कोचिंग के बाद में काम आएगी।
कोच की नियुक्ति के लिए खिलाड़ी को ओलंपिक और पैरालंपिक का पदक विजेता होना चाहिए, जबकि सहायक कोच के लिए इन खेलों में हिस्सा लेना जरूरी है। समिति ने साक्षात्कार के दौरान उम्मीदवारों का चयन उनकी पेशेवर योग्यता, खेल उपलब्धियों और प्रदर्शन के आधार पर किया।

पाठको की राय