SN मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर समेत 10 नए कोरोना संक्रमित मिले
आगरा
आगरा में कोरोना वायरस से संक्रमित 10 मरीज मिले। इनमें एसएन मेडिकल कॉलेज का एक जूनियर डॉक्टर भी शामिल है। गणपति आशियाना सिकंदरा में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आजाद नगर, रुनकता और जैतपुर में भी संक्रमित मिले हैं।
प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 450354 लोगों की कोरोना जांच में 10358 संक्रमित मिले हैं। इनमें 10052 मरीज ठीक हो गए हैं। 171 की मौत हो गई। 135 मरीजों का इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने की दर 97.05 फीसदी पर पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग की 30 टीमों ने ट्रांसयमुना कॉलोनी, अछनेरा, बाह, खंदौली, कमला नगर और दयालबाग में 1675 घरों के 7652 लोगों की स्क्रीनिंग की। 19 संदिग्ध मिले हैं, इनकी कोरोना जांच के लिए नमूना लिए गए हैं।
देहात में फिर से कोरोना के मरीज मिलने लगे हैं। जनवरी के आठ दिन में 93 में से 41 मरीज देहात के हैं। इससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। इधर, शहर की पांच हॉटस्पॉट कॉलोनियों में संक्रमण की दर में कमी आई है। दिसंबर में देहात में सात से दस दिन में तीन से पांच मरीज ही मिल रहे थे। इस माह इनकी दर बढ़ गई है, लगभग रोजाना देहात में संक्रमित मरीज मिल रहे हैं।
जनवरी के पहले आठ दिनों में कोरोना के 93 मरीज मिले हैं। इसमें से 41 मरीज देहात के हैं। इनमें सबसे ज्यादा 16 मरीज अछनेरा ब्लॉक के हैं। इसके अलावा बाह, पिनाहट, फतेहपुर सीकरी, खंदौली, शमसाबाद, बरौली अहीर और एत्मादपुर में भी मरीज मिले हैं। शहर के दयालबाग, कमला नगर, आवास विकास कॉलोनी, खंदारी और शाहगंज में संक्रमित मामलों में कमी आई है।

पाठको की राय