Saturday, October 24th, 2026

RLSP का आज होगा JDU में विलय

 
पटना

बि‍हार में आज नीतीश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी एक हो जाएगी। आरएलएसपी का विलय जेडीयू में हो जाएगा। शनिवार को पार्टी की बैठक में इसे मुकाम तक पहुंचाने की कवायद चली। रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार की शाम पार्टी नेताओं के संबोधन में विलय को लेकर स्थिति लगभग स्पष्ट कर दी थी। उन्‍होंने कहा था कि विधानसभा चुनाव के बाद जब हार की समीक्षा कर रहे थे, तभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का फोन आया था। फिर कई दौर की मुलाकात हुई। उन्‍होंने कहा कि जहां भी जाएंगे वहां पार्टी के साथियों का भी ध्यान रखेंगे।
 
बता दें, विधानसभा चुनावों के परिणाम के आने के बाद से ही उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू के प्रति नरम रवैया अख्‍तियार कर लिया था। उन्‍होंने जेडीयू के खिलाफ बयान देना भी बंद कर दिया था, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा का नीतीश कुमार के प्रति प्रेम खुलकर सबसे पहले तब सामने आया था, जब तेजस्वी यादव ने सदन में नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत हमला बोल दिया था। नीतीश ने सदन में गुस्से में तेजस्वी यादव को कहा था, 'तुम मेरे भाई समान दोस्त के बेटे हो, इसलिए बर्दाश्त करता हूं, क्या कोई इस तरह का बयान देता है।' नीतीश कुमार पर तेजस्वी यादव के दिए इसी बयान ने उपेंद्र कुशवाहा को नीतीश कुमार के नजदीक लाने की पहली भूमिका तैयार कर दी थी। कुशवाहा ने कहा था कि नीतीश कुमार पर इस तरह का कोई बयान देगा तो वो बर्दाश्त नहीं करेंगे।

 

Source : Agency

पाठको की राय