Wednesday, October 21st, 2026

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद विश्वनाथ कॉरिडोर परियोजना को निहारते रहे 

वाराणसी
काशी विश्वनाथ मंदिर में सपरिवार दर्शन-पूजन करने पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी परियोजना विश्वनाथ कॉरिडोर से पहली बार रूबरू हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नक्शे के जरिए निर्माणाधीन कॉरिडोर के एक-एक हिस्से की जानकारी दी। लाल बलुआ पत्थर से बन रहे कॉरिडोर की नक्काशी को राष्ट्रपति कुछ क्षण तक एकटक निहारते रहे। आठ मिनट तक कॉरिडोर की जानकारी लेने के बाद वह दशाश्वमेध घाट पहुंचे।  राष्ट्रपति का काफिला शाम 5:45 बजे पांचों पंडवा प्रवेश द्वार से होते हुए परिसर में प्रवेश किया। राष्ट्रपति अपनी धर्मपत्नी और बेटी, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के साथ बद्रीनाथ प्रवेश द्वार से गर्भगृह में पहुंचे। वहां उन्होंने सबसे पहल बाबा के समक्ष शीश नवाया। मंदिर के अर्चक श्रीकांत मिश्र, टेक नारायण उपाध्याय और संजय पांडेय ने चांदी के थाल में रखी पूजन सामग्री से षोडशोपचार पूजन शुरू कराया। गर्भगृह में बेंच पर बैठकर राष्ट्रपति ने सपरिवार विश्व कल्याण का संकल्प लिया। पास में राज्यपाल भी बेंच पर बैठी रहीं। वहीं मुख्यमंत्री पूजन के दौरान गर्भगृह में खड़े रहे। 

विष्णु अंकित वामावर्ती शंख किया भेंट 
विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति को प्रसाद स्वरूप अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला भेंट किया। वहीं, शेषशैय्या पर विराजमान भगवान विष्णु की छवि अंकित पीतल का वामावर्ती शंख भेंट किया। शंख का वजन 1.19 किग्रा था। राज्यपाल ने देश की प्रथम महिला सविता कोविंद को अंगवस्त्र माला और दुपट्टा भेंट किया। 

राष्ट्रपति बोले, धाम का भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा 
सीएम ने राष्ट्रपति को कॉरिडोर की जानकारी देते हुए कहा कि भविष्य में श्रद्धालु गंगा स्नान करके सीधे मंदिर में दर्शन करने पहुंचेंगे। कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की हर एक सुविधा का ध्यान रखा गया है। भवनों का निर्माण तेजी से चल रहा है। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने भी उन्हें कुछ जानकारियां दीं। अंत में राष्ट्रपति ने कहा कि भविष्य में विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा। इस मौके पर मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर विनोद सिंह, ओएसडी उमेश कुमार सिंह, अपर कार्यपालक अधिकारी निखिलेश मिश्रा आदि मौजूद थे।

 

#राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

Source : Agency

पाठको की राय