दमोह के सिंग्रामपुर पहुंचे राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी फिल्म का होगा प्रदर्शन
दमोह
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द हेलिकॉप्टर से जबलपुर से सिंग्रामपुर पहुंच गए हैं। यहां पर वे राज्यस्तरीय जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे और साथ ही सिंगौरगढ़ किले के संरक्षण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम के आयोजक संस्कृति मंत्रालय और मध्य प्रदेश जनजातीय कार्य विभाग हैं। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द सिंग्रामपुर के समीप जलहरी हेलिपेड पर पहुंचेंगे। यहां से 10.20 बजे सिंग्रामपुर गांव में रानीदुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर पौधारोपण करेंगे। सुबह 11.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक सिंग्रामपुर में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय सम्मेलन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 12.45 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर दोपहर 1.15 बजे ग्राम सिंग्रामपुर हेलिपेड पहुंचेंगे। जहां से दोपहर 2.40 बजे जबलपुर एयरपोर्ट के लिये प्रस्थान करेंगे।
इस कार्यक्रम में उनके साथ कार्यक्रम अध्यक्ष के रुप में प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल शामिल होंगी। विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय प्रहलाद पटेल, राज्यमंत्री इस्पात मंत्रालय फग्गन सिंह कुलस्ते, कैबिनेट मंत्री जनजातीय कार्य विभाग मीना सिंह मांडवे और कैबिनेट मंत्री नगरीय विकास एवं आवास विभाग भूपेद्र सिंह शामिल होंगे।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के इस कार्यक्रम में सिंग्रामपुर की ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करती वीडियो फिल्म का प्रदर्शन होगा। इसके साथ ही रानी दुर्गावती की वीरगाथा पर एकलव्य विद्यालय के छात्र सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर जनजातीय विभाग की पुस्तिका का विमोचन और जनजातीय कलाकारों द्वारा कला प्रशिक्षण वर्चुअल क्लास के पोर्टल् का शुभारंभ भी राष्ट्रपति करेंगे। इसके अलावा जनजातीय वर्ग के प्रतिभाशाली छात्रों को राष्ट्रपति द्वारा शंकरशाह और रानी दुर्गावती पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।

पाठको की राय