Wednesday, October 21st, 2026

पाकिस्‍तान के PM इमरान टीका लगवाने के बाद भी कोरोना वायरस से संक्रमित

इस्‍लामाबाद
पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री इमरान खान कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। स्‍वास्‍थ्‍य मामलों पर पाकिस्‍तानी पीएम के विशेष सहायक फैसल सुल्‍तान ने इसकी घोषणा की है। इमरान खान ने खुद को अलग-थलग कर लिया है। इमरान खान ने अभी गुरुवार को ही चीन की कोरोना वायरस वैक्‍सीन लगवाई थी। वैक्‍सीन लगवाने के बाद भी इमरान खान कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए।

इमरान खान अभी अपने घर पर ही हैं और डॉक्‍टर उनके स्‍वास्‍थ्‍य पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि जिस दिन इमरान खान ने कोरोना वायरस वैक्‍सीन लगवाई थी, उसी दिन उनके अंदर इस महामारी के लक्षण देखे गए थे। इसके बाद भी उन्‍होंने खुद को अलग-थलग रखने की बजाय कोरोना वैक्‍सीन लगवाई। पाकिस्तान में कोरोना वायरस की तेज होती रफ्तार से डरे प्रधानमंत्री इमरान खान ने गुरुवार को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी।

67 साल के इमरान खान ने देश में जारी टीकाकरण के अभियान के बीच वैक्सीन की खुराक ली है। इससे पहले उन्होंने देश के कई इलाकों में स्मार्ट लॉकडाउन का ऐलान किया था। चीन से खैरात में मिली वैक्सीन की डोज से इमरान सरकार अपना टीकाकरण कार्यक्रम भी नहीं चला पा रही है। दरअसल, चीन से अबतक तीन किश्तों में मिली वैक्सीन की अधिकतर डोज सरकार, सेना, बिजनेसमैन और राजनीतिक पार्टियों में बैठे लोगों को दिया गया है। जिस कारण आम लोगों को सीमित मात्रा में ही वैक्सीन मिल पाई है।

यही कारण है कि पाकिस्तान में कोरोना वायरस की रफ्तार अभी भी तेजी से बढ़ रही है। इमरान सरकार की लापरवाही के कारण वहां लोगों में भी कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर जागरूकता का अभाव देखा जा रहा है। लोग हर रोज बड़ी संख्या में बाजारों और मस्जिदों में इकट्ठा हो रहे हैं। इस दौरान सोशल डिस्टेंशिंग और मास्क के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

पंजाब प्रांत के स्वास्थ्य मंत्री यास्मीन रशीद ने कहा कि गुजरात, सियालकोट और हाफिजाबाद में लॉकडाउन लगाया गया है। उन्होंने बताया कि गुजरात में 30 मार्च तक, सियालकोट में 24 मार्च तक और हाफिजाबाद में 26 मार्च तक लॉकडाउन लागू रहेगा। स्मार्ट लॉकडाउन वाले इलाकों में सभी बाजार, शॉपिंग मॉल, कार्यालय और रेस्तरां बंद रहेंगे लेकिन सब्जी की दुकानें, अस्पताल, दवा की दुकानें, बेकरी, मांस और दूध की दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है।

योजना मंत्री और महामारी के लिए राष्ट्रीय कमांड एवं नियंत्रण केंद्र के प्रमुख असद उमर ने चेतावनी दी है कि यदि मानक संचालन प्रक्रिया का पालन नहीं किया जाता है तो प्रतिबंध और कड़े किए जा सकते हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच चीन से भेजे गए ‘सिनोफार्म’ टीके की खेप बुधवार को पाकिस्तान पहुंची। पाकिस्तान के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह कहा था कि देश महामारी की तीसरी लहर से जूझ रहा है।

 

#Pakistan's PM Imran#corona virus

Source : Agency

पाठको की राय