PM मोदी की आज कांथी में मेगा रैली, चुनाव प्रचार ने पकड़ी तेज़ रफ़्तार
कोलकाता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की उल्टी गिनती जारी है, राज्य में पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को है, ऐसे में सारी पार्टियों ने चुनाव प्रचार में एड़ी-चोटी का दम लगा दिया है। इसी क्रम में आज पीएम मोदी की बंगाल की कांथी में मेगा रैली होने वाली है। इस विशाल रैली पर सबकी निगाहें हैं क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि आज यहां तमलुक लोकसभा सीट से टीएमसी सांसद दिव्येंदु अधिकारी पीएम मोदी के साथ मंच साझा करेंगे और वो आज अपने भाई और पिता की तरह बीजेपी का हिस्सा बन सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो ये तृणमूल कांग्रेस के लिए बहुत बड़ा झटका होगा।
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि ये रैली चुनावों में गेम चेंजर साबित हो सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि अपने भाई सुवेंदु और पिता शिशिर की तरह वो भी भगवा रंग में रंग सकते हैं। मालूम हो कि दिव्येंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी कांथी लोकसभा सीट से सांसद हैं और हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए हैं। कांथी में अधिकारी परिवार का ही दबदबा माना जाता है, ऐसे में अधिकारी परिवार का तृणमूल का साथ छोड़ना टीएमसी के लिए बड़ा नुकसान है। हालांकि बीजेपी को लेकर दिव्येंदु अधिकारी ने कोई अधिकारिक बयान दिया नहीं है।
पीएम मोदी ने साधा 'दीदी' पर निशाना मालूम हो कि चुनावी रैलियों में जमकर नेतागण एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। रविवार को बांकुरा में पीएम मोदी ने चुनावी रैली को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने टीएमसी और ममता बनर्जी पर निशाना साधा था तो वहीं दूसरी ओर सीएम ममता बनर्जी ने पूर्वी मेदिनीपुर के दक्षिण कोंटाई में जनसभा को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने बीजेपी और सुवेंदु अधिकारी पर जमकर वार किया था। ॉ सीएम ममता ने खुद को बोला 'गधा' और अधिकारी को' गद्दार' जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ममता ने कहा कि मैं दुनिया का सबसे बड़ा 'गधा' हूं क्योंकि वक्त रहते मैं 'गद्दार' (सुवेंदु अधिकारी) को पहचान नहीं पाई, उसने हमें धोखा दिया है।
ममता ने कहा कि जब वो सहकारी बैंकों और राज्य सरकार के शीर्ष पदों पर बैठे थे, तब उन्होंने 5 हजार करोड़ का गबन किया था, इसलिए मैं खुद को 'गधा' कह रही हूं क्योंकि मैं अपने सामने इतने बड़े 'गद्दार' को पहचान नहीं पाई। अधिकारी ने मिदनापुर के लोगों को धोखा दिया है, वो जिस पार्टी में गए हैं, वो पैसे के बल पर गुंडे पालती है, इसलिए मैं जनता से अपील करती हूं कि वो इस 'गद्दार' को बाहर का रास्ता दिखाए। उन्होंने मुझे हर जगह से घायल किया है लेकिन अपने एक पैर से ही उनको मात दूंगी। 2 मई को आएंगे चुनाव परिणाम गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में चुनाव हो रहा है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए 27 मार्च को, दूसरे चरण में 1 अप्रैल, तीसरे चरण में 6 अप्रैल, चौथे में 10 अप्रैल, पांचवे में 17 अप्रैल, छठें में 22 अप्रैल, सातवें में 26 अप्रैल और आठवें यानी आखिरी चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा।चुनाव परिणाम 2 मई को आएगा।

पाठको की राय