देशवासियों से PM मोदी आज करेंगे 'मन की बात'
नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' से देशवासियों को संबोधित करेंगे। 'मन की बात' का यह 75वां संस्करण होगा। चुनावों के बीच होने वाले इस कार्यक्रम पर विपक्ष लगातार उंगली उठा रहा है और इसे अचार संहिता का उल्लंघन बता रहा है। आपको बता दें कि अपने पिछले महीने के 'मन की बात' कार्यक्रम में पीएम मोदी जल संरक्षण से लेकर विज्ञान के चमत्कार तक का जिक्र किया था, आज के कार्यक्रम में पीएम मोदी कोरोना के बढ़ते केसों और उसके रोकथाम के उपायों के बारे में चर्चा कर सकते हैं।
आपको बता दें कि 3 अक्टूबर 2014 को पीएम मोदी के 'मन की बात' प्रोग्राम की शुरूआत हुई थी। तब से लगातार इसके प्रसारण का सिलसिला जारी है। महीने के आखिरी रविवार को पीएम मोदी जनता से रेडियो के जरिए अपने 'मन की बात' करते हैं। ये विशेष कार्यक्रम 18 क्षेत्रीय भाषाओं और 33 बोलियों में भी प्रसारित किया जाता है। हाल ही में RTI में खुलासा हुआ था कि इस कार्यक्रम पर 7.29 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि इससे ऑल इंडिया रेडियो को 30.28 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है।
अपने पिछले कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा था कि जब मैं 'मन की बात' करता हूं तो ऐसा लगता है, जैसे आपके बीच, आपके परिवार के सदस्य के रूप में उपस्थित हूं। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार लोगों को होता है।

पाठको की राय