PM मोदी ने 17 मार्च को सभी CM की बुलाई बैठक, कोरोना से निपटने
नई दिल्ली
देश में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर सकते हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रधानमंत्री 17 मार्च को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना के बढ़ते मामलों पर चर्चा करेंगे। यह वर्चुअल बैठक दोपहर 12.30 बजे होगी। प्रधानमंत्री की तरफ से यह बैठक उस समय हो रही है जब देश में कोरोना के इस साल की शुरुआत के 10 हजार रोजाना की तुलना में बढ़कर रोजाना 25 हजार तक पहुंच गए हैं।
एक सप्ताह के दौरान 28 फीसदी बढ़ी मौतें
पिछले हफ्ते यानी 8 मार्च से 15 मार्च के बीच मौतों की संख्या में भी 28 प्रतिशत का इजाफा देखा गया, जो पिछले छह हफ्तों में सबसे ज्यादा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान देशभर से 26,291 मामले सामने आए हैं जो कि पिछले 85 दिन में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 19 दिसंबर को इससे ज्यादा मामलों का पता चला था। इसके अलावा 17,455 लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं और 118 लोगों की मौत हुई है।
पंजाब में बोर्ड परीक्षाएं टलीं
उधर, पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य सरकार ने फिर से स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है. इसके अलावा राज्य सरकार ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं टालने का फैसला लिया है. पंजाब के शिक्षा विभाग के मुताबिक राज्य में 22 मार्च से आरंभ होने वाली 12वीं की परीक्षा अब 20 अप्रैल से 24 मई तक करवाई जाएंगी. वहीं, 9 अप्रैल से शुरू होनी वाली 10वीं की परीक्षाएं अब 4 मई से 24 मई तक करवाई जाएंगी.
सूरत में फिर से खोला गया कोरोना स्पेशल अस्पताल
कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से सूरत में कोरोना स्पेशल अस्पताल फिर से खोले जाने का फैसला लिया गया है. 500 बेड वाले कोरोना के इस अस्पताल को फिर से शुरू किया गया है. कोरोना के मामलों में कमी के बाद इस अस्पताल को बंद कर दिया गया था लेकिन मामले फिर से बढ़ने के बाद प्रशासन ने यह फैसला लिया है.

पाठको की राय