PM मोदी से नहीं डरता, रात में 30 सेकेंड में ही आ जाती है नींद: राहुल गांधी
चेन्नै
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों की तारीख के ऐलान के साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चुनावी बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ई. पलानिस्वामी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका रिमोट कंट्रोल पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) के पास है। राहुल ने यह भी कहा कि पीएम मोदी से नहीं डरने की वजह से रात में चैन की नींद सोते हैं। तमिलनाडु के थूथुकुडी में प्रदेश की 3 दिवसीय यात्रा की शुरुआत करते हुए राहुल ने कहा, 'मैं रात में सोने जाता हूं तो मुझे 30 सेकेंड के अंदर ही नींद आ जाती है क्योंकि मैं मिस्टर मोदी से नहीं डरता। तमिलनाडु के सीएम को कितना समय लगता है? वह रात में ठीक से सो नहीं सकते क्योंकि वह ईमानदार नहीं है। अब मुख्यमंत्री बेईमान हैं, इसलिए वह मिस्टर मोदी के खिलाफ खड़े नहीं हो सकते हैं।' उन्होंने कहा, 'नरेंद्र मोदी को यह लगता है कि सीएम के करप्ट होने की वजह से वह तमिलनाडु के लोगों को आसानी से कंट्रोल कर सकते हैं। मिस्टर मोदी को लगता है तमिलनाडु उनके टेलीविजन की तरह है। वह उठेंगे और रिमोट से जो भी चाहेंगे, कर लेंगे। वह वॉल्यूम बढ़ा देंगे तो सीएम तेज आवाज में बोलने लगेंगे और कम कर देंगे तो धीमी आवाज में। उन्हें लगता है कि वह तमिलनाडु के लोगों को कंट्रोल कर सकते हैं लेकिन लोग रिमोट से बैटरी हटाकर इसे फेंकने जा रहे हैं।' कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल ने कहा, 'आज साल 10 में एक मजदूर ने मुझसे कहा हम जो नमक यहां इकट्ठा कर रहे हैं उससे कोरोना के खिलाफ जंग में मदद मिल रही है। नमक इकट्ठा कर इसे दवा के लिए भेजा जाता है, इससे मैं केवल नमक इकट्ठा नहीं कर रहा हूं, बल्कि देश को कोरोना से बचा रहा हूं। यह आपके राज्य की खूबसूरती है।'
इस चुनाव में नहीं होंगे ये चेहरे
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर 6 अप्रैल को मतदान होना है। हालांकि इस चुनाव में तमिलनाडु के दो फेमस चेहरे नजर नहीं आएंगे। दरअसल तमिलनाडु में यह पहली बार है जब सालों तक सत्ता पर राज करने वाले एम करूणानिधि और जयललिता के बगैर विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा।

पाठको की राय