Tuesday, October 20th, 2026

PM मोदी पर राहुल गांधी का प्रहार - 'सरकार का काम सीमा पर चीन को रोकना था, सत्‍याग्रही किसानों को नहीं'

उथियूर (तमिलनाडु)
इस साल अप्रैल-मई तक तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। उससे पहले राज्‍य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी इस समय राज्‍य के दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन रविवार को उन्‍होंने उथियूर में रोडशो निकाला। इस दौरान उन्‍होंने चीन को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा कि सरकार का काम था सीमा पर चीन को रोकना ना कि सत्‍याग्रही अन्‍नदाताओं को दिल्‍ली बॉर्डर पर। वहीं, राहुल गांधी के रोडशो में भारी भीड़ उमड़ी। जनता से मुखातिब राहुल गांधी ने कहा कि आपने अखबार में पढ़ा होगा कि चीन भारत की जमीन पर कब्ज़ा कर रहा है। चीन देख सकता है कि भारत आज कमजोर है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि अगर भारत के मजदूर, किसान, बुनकर मजबूत और सुरक्षित होते तो चीन भारत में घुसने की हिम्मत कभी नहीं करता। इससे पहले राहुल ने इरोड में रोडशो किया था। इस दौरान उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वह यहां पर मन की बात बताने नहीं आए हैं बल्कि तमिलनाडु के लोगों की समस्याएं सुनने आए हैं। तमिलनाडु दौरे के पहले दिन राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था, 'मैं आपसे बात कर रहा हूं, आपसे सवाल कर रहा हूं। क्या आपने कभी पीएम को ऐसा करते देखा है? वह 5 लोगों के साथ एक कमरे में बैठेंगे, देश के सबसे बड़े कारोबारी लोग और उनके साथ चर्चा करेंगे। वह कभी भी किसानों, श्रमिकों, छोटे कारोबारियों के साथ चर्चा नहीं करेंगे कि वे क्या सोचते हैं।'
 

 

#PM मोदी

Source : Agency

पाठको की राय