Thursday, October 22nd, 2026

मर्जर का विरोध : देशभर में चल रहे हड़ताल का भोपाल में भी असर

भोपाल
देश में कुछ  राष्ट्रीयकृत बैंकों के  निजीकरण और बैंकों के मर्जर के विरोध में  बैंककर्मियों की दो दिनी  हड़ताल आज से शुरू हो गई है।  यूनाइटेड फोरम आॅफ बैंक यूनियंस समेत नौ अधिकारी-कर्मचारी संगठनों ने इस हड़ताल का आह्वान किया है।  जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थान पर सामूहिक रैली, धरना, प्रदर्शन एवं सभा की अनुमति नहीं दिए जाने के कारण बैंककर्मियों ने अपने बैंकों के प्रशासनिक कार्यालयों के सामने एकत्रित होकर विरोध जताया।

 बैंक आॅफ बड़ौदा, बैंक आॅफ इंडिया, बैंक आॅफ महाराष्ट्र, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक आॅफ इंडिया, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया, यूको बैंक, यूनियन बैंक आॅफ इंडिया समेत कुछ निजी बैंकों के अधिकारी व कर्मचारी भी इस हड़ताल में शामिल हुए। इस कारण इन बैंकों की एक हजार से ज्यादा शाखाओं का कामकाज ठप रहा।

 बैंककर्मियों के दो दिन तक हड़ताल पर जाने से ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।  बैंक शाखाओं में कामकाज ठप होने के कारण लोगों ने आॅनलाइन तरीके से लेन-देन का काम किया। लेकिन इसके चलते चेक क्लिीरियेंस और ड्राफ्ट आदि बनवाने से लेकर पेंशन के भुगतान का काम प्रभावित रहा।

राजधानी की करोंद अनाज मंडी में भी बैंकों की हड़ताल के कारण दो दिन तक अनाजों की नीलामी नहीं होगी। सोमवार को यहां 15 करोड़ रु. का कारोबार प्रभावित हुआ। ग्रेन एंड आॅइल सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन के प्रवक्ता संजीव जैन ने बताया कि भोपाल मंडी में करीब 200 व्यापारी किसानों द्वारा लाया जाने वाले अनाज की खरीदी नीलामी के माध्यम से करते हैं।

 

#मर्जर का विरोध#हड़ताल

Source : Agency

पाठको की राय