Friday, October 23rd, 2026

पंचायत चुनाव की तैयारी में युद्ध स्तर पर जुटे अधिकारी

भभुआ 
बिहार में आगामी पंचायत चुनाव में भभुआ के 10 लाख 81 हजार 955 मतदाता वोट डालेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार विधानसभा चुनाव में तैयार मतदाता सूची के आधार पर ही इस बार पंचायत चुनाव कराया जाएगा। प्रशासनिक सूत्रों की माने तो एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष पूरा करने वाले जिन युवाओं का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है। 

निर्वाचन आयोग उन युवा मतदाताओं को भी इस बार पंचायत चुनाव में मतदाता बनाए जाने पर विचार कर रहा है। अगर युवा वोटरों को शामिल किया गया तो मतदाताओं की संख्या में वृद्धि होगी। उधर, जिला प्रशासन द्वारा कोषांगों का गठन किए जाने के बाद कैमूर में पंचायत चुनाव की तैयारी युद्ध स्तर पर की जा रही है। विभिन्न कोषांगों के वरीय व नोडल पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने कोषांगों से संबंधित कार्यों का निपटारा किया जा रहा है। चुनाव तिथियों की घोषणा से पहले ही अफसरों के टेबल पर चुनाव से संबंधित फाइलें दौड़ने लगी हैं। डीएम समय-समय पर विभिन्न कोषांगों के अफसरों के साथ बैठक कर पंचायत चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों की समीक्षा भी कर रहे हैं। 

जिला पंचायती राज कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, वार्डवार प्रकाशित की गई मतदाता सूची में जिले के 10 लाख 81 हजार 955 मतदाताओं के नाम अंकित हैं। इनमें 5 लाख 63 हजार 134 पुरुष व 5 लाख 18 हजार 810 महिला तथा 11 अन्य मतदाता हैं। सदर प्रखंड भभुआ में 1 लाख 78 हजार 473, भगवानपुर में 62061, रामपुर में 63932, अधौरा में 35594, चैनपुर में 1 लाख 31 हजार 634, चांद में 88884, दुर्गावती में 1 लाख एक हजार 933, मोहनियां में 1 लाख 33 हजार 791, कुदरा में 1 लाख 14 हजार 46, रामगढ़ प्रखंड में 99618 व नुआंव प्रखंड में 77989 मतदाता हैं। 

मतदान कर्मियों की तैयार हो रही सूची
पंचायत चुनाव को लेकर कार्मिक कोषांग द्वारा चुनाव कार्य में लगाए जाने वाले मतदान कर्मियों की सूची तैयारी की जा रही है। कार्मिक कोषांग में मतदान कर्मियों की सूची तैयार कर रहे पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार के पंचायत चुनाव में करीब 10 हजार मतदान कर्मियों की आवश्यकता पड़ेगी। मतदान कर्मियों की सूची तैयार की जा रही है। अफसरों ने बताया कि अगर जिले में मतदान कर्मी पर्याप्त संख्या में नहीं उपलब्ध हुए तो आसपास के जिलों से विभिन्न विभाग के अफसरों की मांग कर मतदान प्रक्रिया में लगाया जाएगा। 

 

Source : Agency

पाठको की राय