पिछली बार से दोगुनी आईं आपत्तियां, जानिए कितना बदल सकती है आरक्षण सूची
वाराणसी
पंचायत चुनाव की अनंतिम आरक्षण सूची पर आपत्ति दर्ज कराने के अंतिम दिन मंगलवार को वाराणसी में 474 आवेदन आए। इनमें ग्राम प्रधान के 415, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 36 व जिला पंचायत सदस्य के 23 आवेदन हैं।
तीन दिनों में कुल 1547 आपत्तियां आई हैं। जो पिछले महीने की अनंतिम सूची के बाद आई आपत्तियों से दोगुनी से ज्यादा है। कुल आपत्तियों में केवल ग्राम प्रधान पदों पर 1420 आवेदन आए हैं। जबकि क्षेत्र पंचायत में कुल 48 व जिला पंचायत सदस्य में 79 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। जिला प्रशासन ने 24 अथवा 25 मार्च को अंतिम सूची तैयार करने की तैयारी की है। जिला पंचायती राज विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को सूची जारी होने तक देर रात तक कार्य करने के निर्देश दिये गये हैं। डीपीआरओ शाश्वत आनंद सिंह ने कहा कि अगले दो दिन में अंतिम सूची जारी हो जाएगी। इसके लिए ब्लॉक मुख्यालयों से भी अधिकारियों व ऑपरेटरों की ड्यूटी लगाई गई है।
काशी विद्यापीठ के भरथरा गांव से 19 लोगों ने मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर प्रधान पद के लिए आवंटित आरक्षण के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने तय आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। लोगों ने कहा कि 1995 से लेकर आज तक गांव को अनुसूचित जाति के लिये कभी आरक्षित नहीं किया गया। जबकि अनुसूचित जाति की काफी आबादी है। इसलिए अनुसूचित जाति के लिये आरक्षित किया जाय। आपत्ति दर्ज कराने वालों में मायाराम, राजेंद्र, रामबरन, महेंद्र, उर्मिला, सावित्री, सूखा अन्य शामिल थे। ब्लॉक मुख्यालय पर भरथरा, छितौनीकोट, टड़िया समेत प्रधान पद के आरक्षण के खिलाफ कुल 25 आपत्तियां दर्ज की गयीं।

पाठको की राय