Thursday, October 22nd, 2026

आप के द्वार आयुष्मान अभियान में एक ही दिन में बन गए 2.5 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड

रायपुर
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) द्वारा चलाये जा रहे आप के द्वार आयुष्मान अभियान के तहत 10 मार्च को 4.7 लाख से अधिक लाभार्थियों का सत्यापन करते हुए एक दिन में सर्वाधिक लाभार्थियों को सत्यापित करने का रिकॉर्ड बनाया है। वहीं, महत्वपूर्ण बात यह है कि छत्तीसगढ़ जैसे छोटे राज्य ने अकेले एक दिन में 2.5 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए हैं जो कि एक दिन में कुल सत्यापित हुए आयुष्मान कार्डों की संख्या का आधे से भी अधिक है। यह सत्यापन का कार्य घर घर जाकर इसलिए किया जा रहा है ताकि लाभार्थियों को आसानी से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मिलने वाली मुफ्त स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सके।

आयुष्मान भारत - प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के सीईओ डॉ. राम सेवक शर्मा ने कहा कि मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई कि छत्तीसगढ़ जैसे छोटे राज्य ने एक दिन में 2.5 लाख से अधिक कार्ड बनाकर वह अग्रणी राज्य के रूप में सामने आया है। एक फरवरी 2021 से चलाए जा रहे आप के द्वार आयुष्मान अभियान में इस सप्ताह के बुधवार को पूरे देश में 4,77,105 लाभाथीर्यों को सत्यापित करने का रिकॉर्ड बनाया गया है। वहीं, इस संख्या में छत्तीसगढ़ राज्य का योगदान आधे से भी अधिक है। इस अभियान का उद्देश्य देश के सभी हिस्सों विशेषकर ग्रामीण और अंदरूनी हिस्सों में रहने वाले लाभार्थियों के बीच जाकर एबी पीएम-जेएवाई स्वास्थ्य बीमा योजना के बारे में बड़े पैमाने पर जागरूकता पैदा करना है ताकि लाभार्थी परिवार पांच लाख रुपये प्रति वर्ष का स्वास्थ्य बीमा प्राप्त कर सके।

 

#आयुष्मान कार्ड

Source : Agency

पाठको की राय