Tuesday, October 20th, 2026

ममता बनर्जी शुक्रवार को जारी कर सकती हैं TMC उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट

कोलकाता
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) द्वारा उम्मीदवारों की अपनी पूरी सूची शुक्रवार को और चुनावी घोषणापत्र अगले सप्ताह के शुरुआत में जारी किये जाने की संभावना है। यह जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी। सूत्रों ने कहा कि टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पिछले चुनावों की तरह उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगी। टीएमसी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ''हमने 27 फरवरी को मतदान की तारीखों की घोषणा से पहले ही मसौदा सूची तैयार कर ली थी, हमने शुरू में चरणों में सूची जारी करने का फैसला किया था। हालांकि अब पार्टी प्रमुख द्वारा 294 उम्मीदवारों की पूरी सूची 5 मार्च को घोषित की जाएगी।'' उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा अपना घोषणापत्र 9 मार्च को जारी किये जाने की उम्मीद है। टीएमसी के सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने उम्मीदवारों की सूची से ऐसे वर्तमान विधायकों के नाम हटाने का फैसला किया है जो 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की योजना युवाओं, महिलाओं और ऐसे नेताओं को उम्मीदवार बनाने की है जिनकी स्वच्छ छवि और उनके क्षेत्रों में स्वीकार्यता है।

 

#ममता बनर्जी

Source : Agency

पाठको की राय