महाराष्ट्र:कोरोना के सभी पुराने रिकॉर्ड्सटूटे , 40 हजार से ज्यादा नए केस
मुंबई
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए मामलों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। रोजाना हजारों की संख्या में संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। आज सभी पुराने रिकॉर्ड्स टूट गए हैं। पिछले 24 घंटे में 40 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। मुंबई में भी अब तक के सबसे ज्यादा नए कोरोना केस सामने आए हैं। उधर, कोरोना पर रोक लगाने के लिए राज्य में नाइट कर्फ्यू भी लागू हो गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 40,414 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा, 108 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में अब तक 2,71,3875 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 54,181 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य में अभी एक्टिव केस की संख्या 3,25,901 है। महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 35,726 नए मामले सामने आए थे।
वहीं, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी कोरोना के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 6923 नए मामले मिले हैं, जबकि आठ लोगों की मौत हुई है। शहर में कुल मामले बढ़कर 3,98,674 हो गए हैं। अभी तक मुंबई में 11,649 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को राज्य में कोविड-19 पर कार्यबल की सिफारिश पर लॉकडाउन लागू करने के लिए ऐसी योजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे अर्थव्यवस्था कम से कम प्रभावित हो। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए राज्य में बिस्तरों, दवाओं और ऑक्सीजन की उपलब्धता समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। बयान के मुताबिक, कार्यबल ने संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए राज्य में सख्त लॉकडाउन लागू करने की सिफारिश की। इसके मुताबिक, बाद में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लॉकडाउन लागू करने के संबंध में ऐसी विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए ताकि इससे अर्थव्यवस्था कम से कम प्रभावित हो। बयान में मुख्यमंत्री के हवाले से कहा गया कि लॉकडाउन की घोषणा होने पर लोगों के बीच किसी तरह के असमंजस की स्थिति नहीं होनी चाहिए। राज्य के कई शहरों में कोरोना पूरी तरह से बेकाबू हो चुका है। इसकी वजह से कई तरह की पाबंदियां भी लगाई गई हैं। औरंगाबाद और नागपुर में पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया जा चुका है। नागपुर में 31 मार्च तक लॉकडाउन चलेगा, जबकि औरंगाबाद में 30 मार्च से 8 अप्रैल तक लॉकडाउन लागू रहेगा। लॉकडाउन के दौरान सिर्फ आवश्यक सेवाओं की इजाजत ही होगी।

पाठको की राय