MTA की CM से मांग भोपाल मेडिकल कॉलेज डीन डॉ.अरूणा कुमार को हटाओ
ग्वालियर
मेडिकल टीचर एसोसिएशन ने राजधानी भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज डीन डॉ.अरूणा कुमार को हटाए जाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को पत्र लिखा है। एमटीए के प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सुनील अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि जीएमसी भोपाल की विवादास्पद डीन ने अपनी गलतियों पर पर्दा डालने के लिए मेडिकल टीचर एसोसिएशन सचिव डॉ.राकेश मालवीय के खिलाफ साजिशन भ्रामक , गलत और तथ्यहीन जानकारी शासन को भेजकर कार्यवाही की मांग की है। डॉ.अग्रवाल ने इसे मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए डीन के पद का दुरुपयोग बताया है।
दरअसल भोपाल में सहायक प्राध्यापकों की भर्तियों में आंतरिक उम्मीदवारों को दरकिनार किए जाने पर बवाल मचा है। फिलहाल हाईकोर्ट में यह मामला विचाराधीन है, लेकिन इस बीच जीएमसी की डीन ने चिकित्सा शिक्षा आयुक्त को पत्र लिखकर मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति मांगी है। डीन ने एसोसिएशन सचिव डॉ.राकेश मालवीय सहित कुछ पदाधिकारियों पर उनके खिलाफ साजिश कर कॉलेज में अस्थिरता का माहौल निर्मित करने के आरोप लगाए हैं। डीन द्वारा यह अनुमति मांगे जाने से मेडिकल टीचर एसोसिएशन भी बिफर गया है। एसोसिएशन ने डीन के पुराने विवादों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को पत्र लिखा है। पत्र में डीन को पद से हटाए जाने की मांग की है।

पाठको की राय