Tuesday, October 20th, 2026

LIC की कमाई में 24 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी

 नई दिल्ली  
जीवन बीमा कंपनियों की नए कारोबार से प्रीमियम आय फरवरी 2021 में 21 प्रतिशत बढ़कर 22,425.21 करोड़ रुपये रही। बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के आंकड़े के अनुसार देश में 24 जीवन बीमा कंपनियों की नए कारोबार से प्रीमियम आय एक साल पहले इसी माह में 18,533.19 करोड़ रुपये थी।

इसमें देश की सबसे बड़ी और सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की प्रीमियम आय फरवरी महीने में 24.18 प्रतिशत बढ़कर 12,920.57 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले फरवरी 2020 में यह 10,404.68 करोड़ रुपये थी। आंकड़े के अनुसार शेष 23 निजी क्षेत्र की बीमा कंपनियों की नए कारोबार से प्रीमियम आय फरवरी 2021 में 16.93 प्रतिशत बढ़कर 9,504.64 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी महीने में 8,128.51 करोड़ रुपये थी।
 
निजी कंपनियों में एसबीआई लाइफ की नए कारोबार से प्रीमियम आय फरवरी महीने में 62 प्रतिशत उछलकर 1,750.73 करोड़ रुपये हो गई। एचडीएफसी लाइफ की प्रीमियम आय 20 प्रतिशत बढ़कर 1,895.94 करोड़ रुपये, कोटक महिंद्रा लाइफ की 35 प्रतिशत बढ़कर 640.26 करोड़ रुपये और मैक्स लाइफ की 31 प्रतिशत बढ़कर 731.80 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। केनरा एचएसबीसी ओबीसी लाइफ की प्रीमियम आय भी आलोच्य महीने में 56 प्रतिशत उछलकर 186.99 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। इसके अलावा बजाज एलियांज लाइफ की प्रीमियम आय 50.3 प्रतिशत बढ़कर 692.86 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

 

#LIC

Source : Agency

पाठको की राय