Saturday, October 24th, 2026

सड़क हादसे में करणी सेना के उपाध्यक्ष की मौत 

सासाराम  
बिहार के सासाराम के डेहरी-राजपुर पथ पर बिहारी बिगहा के समीप सोमवार की दोपहर एक पिकअप वैन व बाइक की टक्कर में बाइक सवार करणी सेना उपाध्यक्ष अंबुज सिंह की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप वैन लेकर फरार हो गया। विरोध में ग्रामीणों ने डेहरी-राजपुर पथ को जाम कर दिया। 
सूचना मिलने के बाद डालमियानगर व अकोढ़ी गोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इस बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया, जिससे डालमियानगर थाना का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने सड़क जाम हटवा कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के गांव बाक में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। 

घटना के बारे में बताया जाता है कि 22 वर्षीय अंबुज सिंह अकोढ़ी गोला प्रखंड के बांक निवासी राजू सिंह के पुत्र हैं, जो करणी सेना उपाध्यक्ष के रूप में चर्चित हैं। सोमवार की दोपहर डालमियानगर से होली खेलकर अपनी बाइक बीआर 24आर 1281 से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह बिहारी बिगहा के समीप पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रहे एक पिकअप वैन बाइक में टक्कर मारते हुए भाग निकला। घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई। 

सड़क दुर्घटना को देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तथा विरोध में डेहरी-राजपुर को जाम कर हंगामा करने लगा। होली के दिन दर्दनाक सड़क दुर्घटना से आक्रोशित लोगों को पुलिस ने किसी तरह शांत कर सड़क जाम हटवाया। इस बीच अज्ञात असामाजिक तत्वों ने डालमियानगर थाना के वाहन पर पथराव कर दिया। किसी तरह पुलिस ने सड़क जाम हटवा कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। 

बताया जाता है कि मृतक के पिता किसान है। दो भाइयों में सबसे बड़ा मृतक अंबुज सिंह इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद फिलहाल गांव पर रहता था। दो वर्ष पूर्व मृतक की शादी हुई थी। मृतक का एक डेढ़ वर्षीय पुत्र भी है। शव घर पहुंचते ही पत्नी जहां चित्कार मार कर रो रही थी। वहीं रोते-बिलखते पिता राजू सिंह का कहना था कि खुशियों की त्यौहार के बीच जीवन भर के लिए यह पर्व परिवार के लिए मातम व सदमा भरा हो गया। 

मृतक का छोटा भाई विक्की कुमार रोते-बिलखते हर किसी से कह रहा था कि उसके बड़े भाई पर उसे बहुत गुमान था। आखिर वह सब को छोड़कर कहां चला गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद करणी सेना सदस्य समेत गांव के लोगों की भीड़ मृतक के दरवाजे पर उमड़ी थी। गांव में मातम पसरा था और हर कोई मर्माहत नजर आ रहा था। एएसपी संजय कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के मामले में परिजनों द्वारा लिखित बयान के बाद अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

 

#सड़क हादसे

Source : Agency

पाठको की राय