Tuesday, October 20th, 2026

इरफान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और बेस्‍ट ऐक्‍टर के तौर पर फ‍िल्‍मफेयर अवॉर्ड्स से सम्‍मानित


 

आयुष्‍मान खुराना की शनिवार को फ‍िल्‍मफेयर अवॉर्ड्स के दौरान दिवंगत ऐक्‍टर इरफान के बेटे बाबिल से मुलाकात हुई। अब 'अंधाधुन' ऐक्‍टर ने इरफान की याद में सोशल मीडिया पर एक नोट लिखा है। बताते चलें, इरफान को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और उनकी आखिरी फिल्‍म 'अंग्रेजी मीडियम' के लिए बेस्‍ट ऐक्‍टर के तौर पर सम्‍मानित किया गया।

आयुष्‍मान ने इरफान की बांद्रा में स्थित एक दीवार पर बनी उनकी तस्‍वीर को इंस्‍टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, 'यह बांद्रा में कहीं पर है लेकिन वह कहीं शांति से आराम कर रहे होंगे। उनकी दोहरी जीत को सेलिब्रेट कर रहा हूं। हमेशा इरफान! बेस्‍ट ऐक्‍टर (मेल) और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड!'

आयुष्‍मान ने आगे लिखा, 'मुझे यह सम्‍मान मिला कि इस फिल्‍मफेयर अवॉर्ड को मैंने बाबिल को सौंपा। पहली बार मेरी इस लड़के से मुलाकात हुई। उसे भविष्‍य में अच्‍छा करते देखना चाहूंगा। हम कलाकार यूनीक प्रजाति के होते हैं। हमारी अपनी कमजोरियां, कल्‍पनाएं और सिद्धांत होते हैं। हम अवलोकन और अनुभवों पर भरोसा करते हैं। हम जीते हैं और हजारों बार स्‍टेज पर मरते हैं लेकिन उन परफॉर्मेंसेस की ताकत हमें अजर-अमर बनाती है।'


इसके बाद आयुष्‍मान ने हिंदी में एक कविता लिखी, 'कलाकारों का कभी अतीत नहीं होता, कभी वर्तमान नहीं होता। जब भी कोई कलाकार जाता है उसका इस तरह से सम्मान नहीं होता, क्यूंकि हर कोई फनकार इरफान नहीं होता।'

बाबिल ने भी अपनी इंस्‍टाग्राम स्‍टोरीज में अवॉर्ड फंक्‍शन की पिक्‍चर्स शेयर कीं। यहां उन्‍होंने ऐक्‍टर जयदीप अहलावत के साथ फोटोज क्‍लिक कराए। बाबिल ने अपनी मां सुतापा सिकदर के साथ भी तस्‍वीर शेयर की।

 

Source : Agency

पाठको की राय