भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने जीता गोल्ड मेडल
रोम
भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए माटियो पैलिकोन रैंकिंग कुश्ती सीरीज में जीत दर्ज करके लगातार दूसरे सप्ताह दूसरा गोल्ड मेडल जीता और अपने वजन वर्ग में फिर से नंबर एक रैंकिंग हासिल की। विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता 26 साल की विनेश टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली एकमात्र भारतीय महिला पहलवान हैं। उन्होंने 53 किग्रा के फाइनल में कनाडा की डायना मैरी हेलन वीकर को 4-0 से हराया।
विनेश ने अपने सभी अंक पहले पीरियड में हासिल किए और दूसरे पीरियड में अपनी बढ़त बरकरार रखकर गोल्ड मेडल जीता। विनेश ने पिछले सप्ताह कीव में गोल्ड मेडल जीता था और इससे उन्हें यह विश्वास हो गया होगा कि ओलंपिक के लिए उनकी तैयारियां सही चल रही हैं। इस भारतीय पहलवान ने प्रतियोगिता में विश्व की नंबर तीन पहलवान के रूप में प्रवेश किया और 14 प्वॉइंट्स हासिल करके फिर से नंबर एक बन गईं।
कनाडा की पहलवान टूर्नामेंट से पहले 40वें नंबर पर थी लेकिन अब वह विनेश के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। विनेश ने टूर्नामेंट में एक भी अंक नहीं गंवाया। उन्होंने तीन में से अपने दो मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी को चित किया। सरिता मोर ने शनिवार को 57 किग्रा में रजत पदक जीता था।

पाठको की राय