छोटी होगी इखढ की नई कार्यसमिति, बैठक इसी माह
भोपाल
प्रदेश भाजपा की नई कार्यसमिति की घोषणा इसी माह किसी भी दिन हो सकती है। इस कार्यसमिति की खास बात यह होगी कि जम्बो टीम के बजाय कार्यसमिति में सदस्यों की संख्या लिमिटेड रखी जाएगी। यह संख्या दो सौ के करीब होगी, यह तय हो गया है। कार्यसमिति की घोषणा के बाद इसी माह बैठक भी बुलाई जा सकती है। उधर दो माह से पेंडिंग जिलों की कार्यसमिति की घोषणा भी कभी भी हो सकती है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जिलों और नगर निगमों के दौरे के बाद प्रदेश कार्यसमिति से जिलों से शामिल किए जाने वाले नामों को फाइनल कर लिया है और टीम वीडी ने प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की सूची भी तैयार कर ली है। चार साल बाद बनने वाली इस नई कार्यसमिति की संख्या सीमित रखने पर बनी सहमति के आधार पर जिलों से सिलेक्टेड नेताओं को ही मौका मिलने वाला है। इसके पहले पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के कार्यकाल में जो कार्यसमिति बनी थी वही अब तक काम कर रही है। उनके समय में कार्यसमिति में शामिल सदस्यों की संख्या 350 से अधिक थी। जब राकेश सिंह प्रदेश अध्यक्ष बने तो उन्होंने उसमें कोई बदलाव नहीं किया था और अभी तक पुरानी टीम ही काम करती रही है। इस बार जारी होने वाली सूची में सदस्यों की संख्या 200 के करीब रखने का फैसला लिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने मोर्चा अध्यक्षों की घोषणा प्रदेश पदाधिकारियों की टीम के साथ कर दी है लेकिन अभी मोर्चा कार्यकारिणी की घोषणा किया जाना भी शेष है। इसकी सूची को लेकर भी मंथन अंतिम दौर में बताया जा रहा है। इसके बाद जल्द ही प्रकोष्ठ और विभागों के संयोजक और उनकी टीम की घोषणा की जाएगी।
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 27 से 30 मार्च के बीच होना संभावित मानी जा रही है। इसके पहले नई कार्यसमिति की घोषणा होगी। तभी इसमें शामिल सदस्यों को औपचारिक तौर पर बैठक में बुलाया जा सकेगा। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व ने 30 मार्च के पहले बैठक करने के निर्देश प्रदेश अध्यक्षों को दिए हैं। इसीलिए यह बैठक इसी माह होना संभावित मानी जा रही है।

पाठको की राय