जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर आंदोलन करेगी: सतीश सिंह
ग्वालियर
कांग्रेस विधायक डा.सतीश सिंह सिकरवार व प्रवीण पाठक ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के अधिकारी विधानसभा क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों में भेदभाव कर रहे हैं। पूर्व व दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में बिजली बिलों के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं, जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सरकारी कार्यक्रमों व बैठकों में आमंत्रित नहीं किया जाता है। बगैर प्लानिंग के विकास कार्य किए जा रहे हैं। हाथ ठेलेवालों को बगैर उनकी रोजगार की व्यवस्थाएं किए उजाड़ा जा रहा है। कांग्रेस विधायकों ने चेतावनी दी है कि समस्याओं का समाधान व भेदभाव बंद नहीं किया तो सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा.देवेंद्र शर्मा के अलावा अमर सिंह माहौर, इब्राहिम पठान सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।
डा.सतीश सिकरवार ने कहा कि ठेलेवाले शहर की लाइफलाइन हैं। एक तरफ कोरोना की मार झेल रहे ठेलेवालों को 10-10 हजार रुपये का कर्ज दिया जा रहा है। दूसरी तरफ इन्हें सड़कों पर व्यवस्थित करने की बजाए उन्हें भगाया जा रहा है। नगर निगम कर्मचारी इनका सामान सड़क पर रखकर ठेले उठा ले जाते हैं। इससे ठेलेवालों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। जिन हॉकर्स जोन में इन ठेलेवालों को भेजा जा रहा है, वहां गंदगी का अंबार है। गुंडे-बदमाशों से सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है।
विधायक प्रवीण पाठक ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारी शहर में भाजपा के बंधुआ मजदूरों की तरह कार्य कर रहे हैं। खुलेतौर पर भेदभाव किया जा रहा है। पेट्रोल -डीजल के दाम बढ़ने के कारण महंगाई बढ़ रही है। प्रदेशभर में रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। शहर की सड़कें खस्ताहाल हैं। गरीबों को समय पर राशन नहीं मिल रहा है। अपराधों पर कोई नियंत्रण नहीं है। कांग्रेस ने जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पाठको की राय