Wednesday, October 21st, 2026

IPL: BCCI प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने बताया नहीं मिलेगी दर्शकों को एंट्री

नई दिल्ली 
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन की शुरुआत से पहले आईपीएल फैन्स के लिए एक बुरी खबर है। बीसीसीआई प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने बताया है कि आईपीएल 2021 के दौरान दर्शकों को मैदान के अंदर जाने की परमिशन नहीं दी जाएगी। यानी पिछली बार की तरह इस बार का भी आईपीएल बिना दर्शकों के खेला जाएगा। आईपीएल 2021 की शुरुआत 9 अप्रैल से होगी और टूर्नामेंट का फाइनल मैच 30 मई को खेला जाना है।  सौरव गांगुली ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत करते हुए बताया, 'आईपीएल के दौरान दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमित देने से इतने बड़े टूनार्मेंट के लिए संभावित खतरा हो सकता है। यदि आप दर्शकों को अनुमति देंगे तो टीमें मैदान में खेल रही होंगी और बाहर प्रैक्टिस भी कर रही होंगी। कई स्टेडियमों में प्रैक्टिस पिचें स्टेडियम से बाहर भी हैं और टीमें वहां अभ्यास करती हैं, क्योंकि उन्हें रोजाना खेलना होता है। दर्शकों को अनुमति देने से यह संभावना हो सकती है कि वे अभ्यास कर रही टीमों के नजदीक आ सकते हैं, जिससे खतरा बढ़ जाता है।'

कोविड-19 के चलते आईपीएल का पिछला सीजन यूएई में खेला गया था, लेकिन इस बार इसका आयोजन भारत में करवाया जा रहा है। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले छह शहरों में खेले जाएंगे और इस बार कोई भी टीम अपने घरेलू मैदान पर कोई मैच नहीं खेलेगी। आईपीएल 2021 का पहला मैच पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच में खेला जाएगा। इस बार कुल 11 डबल हेडर मैच खेले जाएंगे और टूर्नामेंट का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। 
 

 

#IPL

Source : Agency

पाठको की राय