Wednesday, October 21st, 2026

9 अप्रैल को IPL 2021 का आगाज, 30 मई को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल

नई दिल्ली 
इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) के शेड्यूल का ऐलान हो गया है। एएनआई के मुताबिक, आईपीएल 2021 की शुरुआत 9 अप्रैल से होगी, जिसमें मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबला होगा। यह मैच चेन्नई में खेला जाएगा जबकि फाइनल मुकाबला 30 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल संचालन परिषद ने जो कार्यक्रम तैयार किया है उसके अनुसार मैचों का आयोजन अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में किया जाएगा। 

बीसीसीआई की तरफ से आईपीएल के लिए मीडिया एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके मुताबिक, लीग चरण में प्रत्येक टीम चार स्थलों पर खेलेगी। लीग चरण में कुल 56 मैच होंगे जिनमें से चेन्नई, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु 10-10 जबकि अहमदाबाद और दिल्ली आठ-आठ मैचों की मेजबानी करेंगे। इसमें कहा गया है कि इस आईपीएल की एक विशेषता यह होगी कि सभी मैच तटस्थ स्थलों पर खेले जाएंगे तथा कोई भी टीम अपने घरेलू मैदान पर नहीं खेलेगी। सभी टीमें लीग चरण में छह स्थानों में से चार में खेलेगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि वह दो साल के बाद देश में टूर्नामेंट का सफल आयोजन करने में सफल रहेगा। टूर्नामेंट के दौरान मैचों में दर्शकों की मौजूदगी पर फैसला नहीं लिया गया है। 

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बयान में कहा कि पिछले साल यूएई में सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ टूर्नामेंट के सुरक्षित और सफल आयोजन के बाद बीसीसीआई स्वदेश में सभी खिलाड़ियों और टूर्नामेंट से जुड़े लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ आईपीएल के आयोजन के प्रति आश्वस्त है। टूर्नामेंट में 11 दिन दो-दो मैच खेले जाएंगे। दिन के मैच दोपहर बाद तीन बजकर 30 मिनट से जबकि रात के मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होंगे। शाह ने कहा कि टूर्नामेंट का कार्यक्रम इस प्रकार से तैयार किया गया है कि लीग चरण में प्रत्येक टीम को केवल तीन बार दौरा करने की जरूरत पड़ेगी। इससे आवागमन कम होगा और जोखिम कम होगा। आईपीएल का आयोजन खाली स्टेडियमों में होगा।

मुंबई इंडियंस ने जीता था IPL 2020 का खिताब
भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के केसों की वजह से आईपीएल 2020 का आयोजन यूएई में किया गया था। बीसीसीआई ने यूएई संग मिलकर सफलतापूर्वक इसका आयोजन करवाया था। इस सीजन में रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब पर कब्जा जमाया था। टीम ने फाइनल मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स को मात दी थी।

 

#IPL 2021 का आगाज

Source : Agency

पाठको की राय