स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड टीकाकरण और कोरोना संक्रमण की ताजा स्थिति की दी जानकारी
रायपुर
स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज सिविल लाइन स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित पीसी लेकर प्रदेश में कोरोना टीकाकरण और कोविड-19 संक्रमण की ताजा स्थिति की जानकारी दी। श्री सिंहदेव ने बताया कि अभी राज्य में प्रतिदिन 70 हजार से 80 हजार लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने रोजाना एक लाख टीककारण का लक्ष्य रखा है। श्री सिंहदेव ने बताया कि प्रदेश में अभी संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने संक्रमण पर काबू पाने सभी नागरिकों से मास्क के उपयोग, शारीरिक दूरी बनाए रखने, हाथों को स्वच्छ रखने और सार्वजनिक आयोजनों से बचने की अपील की है।
सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ में कोरोना के हालात को चिंताजनक बताया है, साथ ही लोगों को इससे बचने की सलाह भी दी। छत्तीसगढ़ में कोरोना से जो हालात हैं, वो बेहद चिंताजनक हैं। ऐसे हालात में कोरोना के गाईडलाइन का बेहद सख्ती के साथ पालन करना और बंदिशों पर अमल करने की जरूरत है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मास्क नहीं लगाने वालों पर सख्ती करनी भी जरूरी है। कोरोना से बचाव के लिए मास्क बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मास्क नहीं लगाने वालों से जुमार्ने की राशि 200 से बढ़ाकर 500 करने पर विचार चल रहा है। इसका मकसद 500 रुपया वसूलना नहीं है, बल्कि लोगों को सावधान और सतर्क रखना है, कि अगर वो मास्क नहीं लगायेंगे तो 500 रुपया देना पड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कोरोना के मद्देनजर आयोजनों पर रोक लगाने की भी बात कही, वहीं होली और नवरात्र जैसे आयोजनों में बंदिशों की बात कही,स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना की वजह से अभी बड़े आयोजनों से बचना चाहिये, भीड़-भाड़ और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगना चाहिये, शादी, दशगात्र जैसे कार्यक्रमों में 50 से ज्यादा लोगों की उपस्थिति नहीं होनी चाहिये। कार्यक्रमों में पूर्ण रोक या नहीं जाना संभव नहीं है, लेकिन कोशिश ये होनी चाहिये कि भीड़ ज्यादा इक_ा नहीं हो, क्योंकि कोरोना के फैलने की वजह यही है।

पाठको की राय