Wednesday, October 21st, 2026

बल्लेबाजी में रहे फ्लॉप, लेकिन अपनी फील्डिंग से दिल जीत ले गए राहुल 

 नई दिल्ली 
भारत को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टी-20 सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड के हाथों आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। श्रेयस अय्यर के अलावा भारत का कोई बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में एक भी मैच नहीं खेलने वाले केएल राहुल को टी-20 सीरीज के पहले मैच में खेलने का मौका मिला। राहुल आईपीएल 2020 के शानदार प्रदर्शन को इस मैच में नहीं दोहरा सके और एक रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। राहुल बेशक बैटिंग में फ्लॉप रहे हों, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड की पारी के दौरान शानदार फील्डिंग कर फैन्स का दिल जीत लिया है।

 
इंग्लैंड की पारी जब चल रही थी, तो फील्डिंग में राहुल ने अपनी टीम के लिए 4 रन जरूर बचाए। राहुल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह बात 5वें ओवर की है। इस ओवर में अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की पहली ही गेंद पर इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर ने छक्‍के के लिए एक लंबा शॉट खेला। बॉल उस समय छक्के के लिए जा रही थी। यहां बाउंड्री के पास खड़े केएल राहुल बॉल ने उछलकर पहले कैच लपका फिर खुद को बाउंड्री लाइन के बाहर गिरता देख गेंद को मैदान के अंदर की तरफ फेंक दिया और चार रन बचा लिए।
 
हालांकि उनके इस प्रयास का टीम को ज्यादा फायदा नहीं हुआ और इंग्लिश टीम ने यह मैच 16वें ओवर में ही जीत लिया। इंग्लैंड के ओपनरों ने यह लक्ष्य बिल्कुल एकतरफा बनाते हुए आठ विकेट से मैच अपने नाम किया। जेसन रॉय और जोस बटलर ने इंग्लैंड को अच्छी तूफानी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए आठ ओवर में 72 रन जोड़े। रॉय 32 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 49 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए जबकि बटलर को युजवेंद्र चहल ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। बटलर ने 24 गेंद में 28 रन बनाए। इसके बाद डेविड मलान (24) और जॉनी बेयरस्टो(26) ने इंग्लैंड को जीत तक पहुंचाया। मलान ने सुंदर को छक्का जड़कर विजयी रन बनाया।

 

#राहुल 

Source : Agency

पाठको की राय