Thursday, October 22nd, 2026

व्यय निगरानी दल पूरी मुस्तैदी एवं आपसी समन्वय से करें कार्य- तोमर

भोपाल

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अरुण कुमार तोमर की अध्यक्षता में विधानसभा क्षेत्र- 55, दमोह में उप निर्वाचन को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के अनुक्रम में राज्य स्तरीय व्यय निगरानी दल की बैठक सम्पन्न हुई। तोमर ने निगरानी दल के समस्त सदस्यों को निर्देश दिए कि ज़िले की व्यय निगरानी टीम एवं राज्य स्तरीय व्यय निगरानी टीम पूरी मुस्तैदी एवं आपसी समन्वय से कार्य करें। सघन निगरानी हेतु आवश्यकतानुसार मैदानी अमलें को नियुक्त किया जाय।

       बैठक में एफ़एसटी, एसएसटी, वीएसटी एवं अन्य निगरानी दलों द्वारा दैनिक रिपोर्टिंग हेतु सम्बंधित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी आयकर विभाग को संदेहास्पद लेन-देन पर निगरानी रखने एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त प्रकरणों पर शीघ्रता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। तोमर ने कहा विधानसभा क्षेत्र-55, दमोह के निकटवर्ती एयरपोर्ट एवं रेलवे स्टेशन पर सघन निगरानी की जाय। किसी भी संदेहास्पद मूवमेंट पर मुस्तैदी से जाँच कर आवश्यक कार्यवाहियाँ नियमित रूप से की जाएँ, इस हेतु पर्याप्त मात्रा में अमले को तैनात किया जाय।

            तोमर ने नार्कोटिक्स विभाग एवं आबकारी विभाग को नशीले पदार्थों के मूवमेंट पर नज़र रखने एवं प्रोऐक्टिव अप्रोच पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सभी एन्फ़ोर्समेंट एजेन्सी की कार्यवाहियों की जानकारी निर्धारित प्रपत्रों में अनिवार्यतः दैनिक रूप से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय प्रेषित करना सुनिश्चित करें।

         नोडल अधिकारी एवं परिवहन विभाग को स्थानीय प्रशासन के सामंजस्य से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि अवैध वाहनों का मूवमेंट न हो, स्टार प्रचारकों को परमिट जारी करते समय दस्तावेज़ों की जाँच हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त रहें। वाहनों पर अनाधिकृत हूटर, सायरन अथवा अन्य किसी प्रकार की वस्तुओं का प्रयोग न किया जाय।

मतदाता जागरूकता गतिविधियों एवं कोविड से बचाव की व्यवस्थाओं का प्रचार करें

तोमर ने कहा उप निर्वाचन में मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक स्तर पर स्वीप गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। सम्बंधित नोडल अधिकारी उक्त गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करवाये। मतदाता जागरूकता गतिविधियों के प्रसार का सकेंद्रण दमोह विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं हेतु किया जाय। इसके साथ ही मतदाताओं को आयोग के निर्देशानुसार कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु की जा रही व्यवस्थाओं, सुविधाओं एवं अपेक्षित सुरक्षित आचरण से भी नियमित रूप से अवगत कराया जाय।

     बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मोहित बुंदस, डी॰के॰ जैन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद शुक्ला सहित राज्य स्तरीय व्यय निगरानी दल के सदस्य उपस्थित थे।

 

#अपर मुख्य निर्वाचन

Source : Agency

पाठको की राय