Thursday, October 22nd, 2026

यूजी प्रथम, द्वितीय वर्ष व पीजी द्वितीय सेमेस्टर के एग्जाम ओपन बुक और पेपर-पेन मोड़ पर होगी अंतिम वर्ष की परीक्षा

भोपाल

विश्वविद्यालयों व कॉलेजों की सभी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं आयोजित होंगी। यूजी अंतिम वर्ष व पीजी चतुर्थ सेमेस्टर के स्टूडेंट्स को कॉलेज में आकर पेन पेपर पर मई आॅफलाइन एग्जाम देना होंगे। जबकि यूजी प्रथम, द्वितीय वर्ष व पीजी द्वितीय सेमेस्टर के एग्जाम घर से ओपन बुक पद्धति से कराए जाएंगे। यह जानकारी शनिवार को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया को दी।

यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया है कि कोरोना के बढ़ते प्रकरणों के मद्देनजर अप्रैल माह में आयोजित होने वाली सभी प्रकार की परीक्षाएं अब मई माह से शुरू की जाएंगी। यूजी अंतिम वर्ष एवं पीजी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं नियमित एवं स्वास्थायी परीक्षार्थियों की भौतिक रूप से परीक्षा केन्द्रों में उपस्थिति के साथ मई में आयोजित होंगी। यह परीक्षाएं पिछले वर्ष ओपन बुक पद्धति से ली गई थीं। वहीं यूजी प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा पीजी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं ओपन बुक पद्धति से जून में आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में नियमित एवं स्वाध्यायी परीक्षार्थी अपने घर में ही रहकर परीक्षा देंगे तथा निकट के निर्धारित संग्रहण केन्द्र में आंसरशीट जमा करेंगे। पिछले वर्ष इनका मूल्यांकन उनके पिछले सेमेस्टर व पिछले ईयर के असेस्मेंट के आधार किया गया था।

18 लाख स्टूडेंट्स की परीक्षा कार्यक्रम जारी करने वाला पहला राज्य बना मप्र
मंत्री डॉ. यादव ने बताया कि कोरोना के इस कठिन काल में मध्यप्रदेश पहला राज्य है, जिसने परीक्षाओं का यह कार्यक्रम घोषित किया है। यूजी व पीजी के लगभग 18 लाख विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। आॅफलाइन परीक्षाएं कोरोना की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए सम्पन्न कराई जाएंगी। यूजी अंतिम वर्ष के 4.30 लाख एवं पीजी चतुर्थ सेमेस्टर के 1.72 लाख परीक्षार्थी प्रदेश के 8 विश्वविद्यालयों द्वारा आयोजित परीक्षाओं में शामिल होंगे। यूजी प्रथम वर्ष में 5.33 लाख एवं यूजी द्वितीय वर्ष में 5.25 लाख, पीजी द्वितीय सेमेस्टर के 1.35 लाख परीक्षार्थी प्रदेश के 8 विश्वविद्यालयों द्वारा आयोजित परीक्षाओं में शामिल होंगे।

आठ विवि के 665 परीक्षा केन्द्र बनेंगे
वर्तमान में 8 शासकीय विश्वविद्यालयों में 665 परीक्षा केन्द्र के साथ आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सहपरीक्षा केन्द्र बनाए जाने के लिये विश्वविद्यालयों को निर्देशित किया गया है। परीक्षा केन्द्रों में विद्यार्थी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ बैठेंगे। गृह विभाग, स्वास्थ्य विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा कोविड-19 के संबंध में जारी निर्देशों का पालन करते हुए समस्त विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों को निर्देश जारी किये गये हैं।

 

 

#एग्जाम ओपन बुक

Source : Agency

पाठको की राय