Monday, October 19th, 2026

 दिल्ली 2048 ओलंपिक खेलों की मेजबानी का करेगी दावा: मनीष सिसोदिया

 नई दिल्ली 
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार 2048 ओलंपिक खेलों की मेजबानी का दावा करेगी और इसके लिए जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा। साल 2021-22 का बजट पेश करते हुए सिसोदिया ने कहा कि खेलों से जुड़ा हमारा एक और सपना है जो मैं सदन के समक्ष रख रहा हूं। हम दिल्ली में ओलंपिक खेलों का आयोजन करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि 1896 में यूनान में ओलंपिक खेलों की शुरुआत के बाद से ओलंपिक की मशाल कभी दिल्ली नहीं आई। उन्होंने कहा कि 32वें ओलंपिक खेल टोक्यो में होने हैं। अगले तीन मेजबानों का चयन हो चुका है। हमारी सरकार खेलों की सुविधाएं तैयार करने के साथ ऐसा माहौल बनाना चाहती है कि हम 2048 में 39वें ओलंपिक की मेजबानी का दावा कर सकें।


उन्होंने कहा कि अभी इसमें काफी समय है लेकिन हमें 2048 से 10 साल पहले दावा करना होगा। इससे 15 साल पहले बुनियादी ढांचा और खेल का माहौल बनाना होगा ताकि हमारे खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में पदक ला सकें। सिसोदिया ने कहा कि इस साल खेल विश्वविद्यालय भी शुरू हो जाएगा। दिल्ली में 1951, 1982 एशियाई खेल और 2010 राष्ट्रमंडल खेल हो चुके हैं।

 

#मनीष सिसोदिया

Source : Agency

पाठको की राय