पारिवारिक कलह के बाद दंपति ने लगाई फांसी, पत्नी की मौत
बहराइच
रंगों के पर्व होली के दिन बहराइच के धर्मकुंडा गांव में दंपति कमरे में फंदों में लटक गए। दरवाजा तोड़कर लोगों ने दोनों के फंदे काट कर मेडिकल कालेज ले गए। चिकत्सिकों ने परीक्षण के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
रामगांव थाने के धर्मकुंडा गांव में सोमवार को सुबह लगभग 10 बजे होलिका दहन के बाद होरियारों का धमाल चल रहा था। इसी बीच बृजबिहारी के घर से चीख पुकार सुनकर लोग दौड़ पड़े। बृज बिहारी के घर में लोग कमरे का अंदर से बंद दरवाजा न खुलने पर तोड़ रहे थे। दरवाजा टूटते ही अंदर का नजारा देखकर लोगों के होश उड़ गए। छत के कुंडों में बृजबिहारी का बेटा रिंकू व उसकी पत्नी गुड्डी के गलों में रस्सी के फंदे पड़े थे। दोनों छटपटा रहे थे।
आनन-फानन में दोनों के फंदे काटकर शहर स्थित मेडिकल कालेज लाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद गुड्डी को मृत घोषित कर दिया। वहीं रिंकू को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। इसकी जानकारी होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सीओ महसी कमलेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अभय सिंह पुलिस बल के साथ धर्मकुंडा गांव पहुंचे। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि तहकीकात में पारिवारिक कलह सामने आया है।

पाठको की राय