भारत में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा, एक सप्ताह के कोरोना केस ने भारत को 4 महीने पीछे धकेला
नई दिल्ली
भारत में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। संक्रमण के मामले में देश शुक्रवार को लगभग चार महीने पुरानी स्थिति में लौट गया। 110 दिनों के लंबे अंतराल के बाद यहां चौबीस घंटे में सर्वाधिक 39276 नए मामले दर्ज किए गए। इससे पहले, 29 नवंबर 2020 को 41810 नए संक्रमितों की पहचान की गई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना की जद में आए मरीजों की संख्या 11514331 पर पहुंच गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, बीते चौबीस घंटे में 154 भारतीय सार्स-कोव-2 वायरस के शिकार बने। इससे देश में महामारी से दम तोड़ने वालों का आंकड़ा 159370 हो गया। वहीं, 20654 भारतीय कोविड-19 को मात देने में कामयाब रहे। इससे संक्रमण से उबरने वालों की संख्या 11083679 का आंकड़ा छू गई। मंत्रालय की मानें तो भारत में कोरोनामुक्त होने की दर 96.25 फीसदी, जबकि सक्रिय मामलों का स्तर 2.35 प्रतिशत पर पहुंच गया है। वहीं, संक्रमण से होने वाली मौतों की दर 1.38 फीसदी हो गई है।

पाठको की राय